महापौर और राज्य मंत्री ने चलाया श्रमदान अभियान, चट्टा देखकर भड़कीं और पत्थर से तोड़ा खूंटी
दो अक्टूबर तक शहर को गंदगी मुक्त करने के अभयान के तहत विष्णुपुरी में महापौर और राज्य मंत्री ने जनता झाड़ू लगाकर कूड़ा हटवाया।
कानपुर, जेएनएन। शहर को दो अक्टूबर तक गंदगी मुक्त कराने के अभियान के तहत महापौर व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री ने जनता के साथ मिलकर मनीपुरवा डंप रोड विष्णुपुरी में श्रमदान अभियान चलाया। सालों से जमा कूड़ा व नालियों को साफ करवाया गया। जनता से अपील की गई कि अब क्षेत्र को गंदा न होने दें।
महापौर प्रमिला पांडेय अफसरों के रविवार को विष्णुपुरी धर्मशाला पहुंची और फुटपाथ पर चट्टा व गंदगी देखकर अफसरों पर बरस पड़ीं। पत्थर उठाकर जानवरों को बांधने वाली खूंटी को भी स्वयं ही तोड़ा। महापौर को पत्थर से खूंटी तोड़ता देखकर अफसर व कर्मचारी भी जुट गए। महापौर ने अफसरों को आदेश दिए कि शहर के बीच स्थापित चट्टे हटाए जाएं। गंदगी फेंकने वालों से जुर्माना वसूला जाए। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार भी मौके पर मौजूद थीं। महापौर व मंत्री ने जनता के साथ मिलकर क्षेत्र में झाड़ू लगाया व कूड़ा उठवाया।
श्रमदान अभियान में आधा ट्रक कूड़ा हटाया गया। क्षेत्रीय नागरिकोंं ने बताया कि सालों से कूड़ा जमा था। लोगों ने सफाई के बाद गंदगी नहीं फेंकने और ऐसा करने वालों को टोकने का संकल्प लिया। महापौर ने बताया कि जहां-जहां डुगडुगी बजवाई गई है वहां पर सफाई का जायजा भी वे लेंगी। गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय संखवार, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ओमपाल सिंह, जोनल अभियंता एके राजपूत भी उपस्थित रहे।