ड्यूटी के बाद कर्मचारियों का तनाव मिटाएगी मसाज, पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल ने शुरू की व्यवस्था
रेल के संचालन में लोको पायलट सहायक लोको पायलट और गार्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस कार्य में कई बार घंटों के हिसाब से उन्हेंं ड्यूटी करनी पड़ती है जिससे थकान मांसपेशियों में खिंचाव और दर्द से कर्मचारी परेशान रहते हैं
कानपुर, जेएनएन। रेलवे के संचालन में सहायक रेल कर्मचारी ड्यूटी के बाद अब तनाव मुक्त रहेंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल ने कर्मचारियों को मसाज की सुविधा उपलब्ध कराई है। कुछ मिनट की मसाज से कर्मचारियों को थकान और मांसपेसियों के दर्द से छुटकारा मिल जाएगा।
प्रारंभिक दौर में इसे कुछ स्टेशनों पर शुरू किया गया है जबकि जल्द ही रावतपुर, कल्याणपुर समेत मंडल के अन्य स्टेशन पर भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
रेल के संचालन में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस कार्य में कई बार घंटों के हिसाब से उन्हेंं ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे थकान, मांसपेशियों में खिंचाव और दर्द से कर्मचारी परेशान रहते हैं। अपने कर्मचारियों को इस तनाव से मुक्ति देने के लिए पूर्वोत्तर नगर के इज्जत नगर मंडल ने ऑटोमेटिक लेग मसाजर उपलब्ध कराए हैं।
इज्जत नगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी लालकुआं, काठगोदाम, कासगंज, टनकपुर तथा मथुरा में इसकी सुविधा मुहैया कराई गई है। लेग मसाजर में कर्मचारी पैरा रखकर बैठते हैं तो कुछ ही मिनट में उन्हेंं घुटने और पैरों के दर्द से छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके परिणाम भी सामने आने लगे हैं।
ड्यूटी खत्म करके आने वाले कर्मचारियों ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि कुछ ही मिनट में थकान और मांसपेसियों के खिंचाव से मुक्ति मिल गई। जल्द ही इसे मंडल के दूसरे रेलवे स्टेशन पर भी शुरू किया जाएगा।
थकान और नींद से काम में पड़ता है प्रभाव
जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक कई घंटों के काम से थके कर्मचारियों की नींद न पूरी होने की समस्या आम थी। इससे काम पर भी प्रभाव पड़ता था। लेग मसाजर मशीन से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ी है।