रेल यात्री का ऑनलाइन ट्रेन स्टेटस गलत निकला, एक घंटे देर से पहुंचे यात्री और ट्रेन पहले ही चली गई
ट्रेनों का स्टेटस और लोकेशन बतानी वाली साइट पूरी तरह भरोसेमंद नहीं है।
कानपुर, जेएनएन। अगर आप मोबाइल पर ट्रेन का स्टेटस देखकर सफर करते हैं तो सावधान हो जाइए। विभिन्न साइटों पर चलने वाले यह स्टेटस गलत जानकारी भी देते हैं। ऐसे ही शुक्रवार को दर्जनों यात्री मोबाइल पर ट्रेन स्टेटस देखकर धोखा खा गए और कंफर्म टिकट के बावजूद सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में सफर करने से वंचित रह गए।
कई साइट बताती हैं ट्रेन लोकेशन और स्टेटस
भारतीय रेलवे की अधिकृत वेबसाइट के अलावा दर्जनों की संख्या में प्राइवेट वेबसाइट हैं जो कि ट्रेनों के लाइव लोकेशन का स्टेटस मोबाइल पर प्रदर्शित करती हैं। लाखों यात्री रोजाना इन्हीं को देखकर रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। मगर, कई बार यह सुविधा आपकी यात्रा में खलल डाल सकती है, क्योंकि कभी-कभी यह जानकारी गलत भी हो सकती है।
कई यात्रियों की छूट गई सियालदह एक्सप्रेस
शुक्रवार को कानपुर से सियालदह की ओर जाने वाले दर्जनों यात्रियों की सियालदह राजधानी छूट गई। सियालदह राजधानी के कानपुर पहुंचने का यही समय रात 9.21 बजे है। यह ट्रेन निश्चित समय से 18 मिनट लेट सेंट्रल स्टेशन पहुंची और आगे को रवाना हो गई। पर ऑनलाइन स्टेटस वाली साइटों में इस ट्रेन को लेकर गलत लोकेशन डाली गई।
लाखों यात्रियों द्वारा प्रयोग की जाने वाली रेल यात्री में ट्रेन 1.01 घंटा, ट्रेन स्टेटस में 21 मिनट, कंफर्म टिकट में 9 मिनट ट्रेन लेट दिखाई गई। जिन लोगों ने रेल यात्री पर विश्वास किया, उनकी ट्रेन छूट गई। कई यात्री एक घंटे बाद पहुंचे तो उन्हें पता चला कि ट्रेन गए हुए पौन घंटा बीत चुका है।