महोबा में दारोगा को वीडियो काल कर महिला ने जहर खाया, परिजनों ने बचाई जान
विधवा से दारोगा ने शादी की थी जिसके बाद दरोगा द्वारा दूरी बनाने से आहत महिला ने पहले सुसाइड नोट लिखा फिर वीडियो काल कर जहर खा लिया। हलांकि सवजन ने समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया जिससे उसकी जान बच गई।
महोबा, जागरण संवाददाता। शहर कोतवाली में तैनात रहे एक दारोगा ने किराये पर मकान लेकर विधवा मालकिन से शादी कर ली। कुछ दिन बाद ही दूरी बनानी शुरू कर दी। बेरुखाई से आहत महिला ने दारोगा को वीडियो काल कर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, स्वजन उसे जिला अस्पताल ले आए जिससे उसकी जान बच गई। महिला ने सुसाइड नोट में दारोगा को दोषी बताया और करीब एक मिनट का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया था। हालांकि दैनिक जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
शहर के एक मुहल्ला निवासी महिला ने बताया कि वह विधवा थी और अपने बच्चों के साथ रह रही थी। साल 2018 में दारोगा ने उसका मकान किराये पर लिया और उसे फंसाकर शादी कर ली। शादी के कुछ दिन बाद तक तो सब ठीक चला और इसके बाद दारोगा का स्थानांतरण कस्बा बेलाताल में हो गया। इसके बाद वह दूरियां बनाने लगे। मनाने के बाद भी न मानने पर महिला ने न्यायालय में वाद दाखिल किया। दारोगा केस वापस लेने के लिए प्रताडि़त करने लगे। इससे परेशान महिला ने पहले सुसाइड नोट लिखा और वीडियो बनाकर कहा कि उसके साथ दारोगा ने बहुत गलत किया है, अब वह जिंदगी से तंग आ चुकी है, लोग उसे ताना मारते हैं। इसके बाद दारोगा को वीडियो काल करके जहर खा लिया। यह देखकर उसके बच्चों ने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत में सुधार है। उसने बताया कि दारोगा घटना का जिम्मेदार है। महिला ने दारोगा पर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि वर्तमान में आरोपित बहराइच में तैनात है। महोबा सदर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने कहा कि अभी तहरीर नहीं आई है। जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है।