Mafia MLA Mukhtar Ansari को बांदा जेल शिफ्ट करने की सुगबुगाहट पर प्रशासन हुआ अलर्ट
Mafia MLA Mukhtar Ansari Case 30 मार्च 2017 से जनवरी 2019 तक यहां पहले भी रह चुका माफिया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ अंदरूनी तौर पर परखी गईं तैयारियां। शासन व जेल हेडक्वार्टर के निर्देशों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
बांदा, जेएनएन। Mafia MLA Mukhtar Ansari Case मुख्तार अंसारी को फिर बांदा जेल में शिफ्ट करने की सुगबुगाहट को लेकर जेल प्रशासन शुक्रवार को अलर्ट मोड में रहा। पूरे दिन सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के साथ ही दूसरी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गईं।
मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक माफिया मुख्तार अंसारी पूर्व में 30 मार्च 2017 से 21 जनवरी 2019 तक बांदा जेल में रह चुका है। बाद में उसे यहां से पंजाब जेल शिफ्ट कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने योगी सरकार के पक्ष में फैसला सुनाते हुए माफिया मुख्तार अंसारी को उप्र पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दो हफ्ते का समय दिया गया है। संभावना है कि उसे अब बांदा या प्रयागराज जेल में शिफ्ट किया जा सकता है। हालांकि, विशेष कोर्ट की ओर से अभी यह तय होना बाकी है कि उसे किस जेल में रखा जाएगा। वहीं, सूत्र बताते हैं कि उसे बांदा जेल लाया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को जेल प्रशासन में हलचल रही। सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा हुई। पूर्व में उसे यहां की बैरक में रखने के दौरान किए जाने वाले इंतजामों की जानकारी हासिल करने में जेल अफसर जुटे रहे। प्रभारी जेलर पीके त्रिपाठी ने बताया कि मुख्तार को यहां शिफ्ट किए जाने से संबंधित कोई भी सूचना अभी तक उनके पास नहीं आई है। शासन व जेल हेडक्वार्टर के निर्देशों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। अभी जेल की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।