Govind nagar by-poll : दिल्ली भेजी गई भाजपा दावेदारों की सूची, 27 को संसदीय बोर्ड लेगा निर्णय Kanpur News
सूत्रों के मुताबिक सूची में भेजे गए हैं छह नाम हरियाणा व महाराष्ट्र के प्रत्याशियों के चयन के बाद ही लगेगी मुहर।
कानपुर, जेएनएन। नई दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हो रही है। भले ही अभी हरियाणा और महाराष्ट्र में प्रत्याशी चयन को लेकर माथापच्ची हो रही हो लेकिन गोविंदपुर उपचुनाव में दावेदारों ने भी दिल्ली में डेरा डाल दिया है। माना जा रहा है कि 27 सितंबर को संसदीय बोर्ड उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों पर फैसला ले सकता है। ऐसे में अंतिम घड़ी में कोई भी कोर कसर नहीं छोडऩा चाह रहा है।
गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए अभी भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है लेकिन उसके चयन की प्रक्रिया काफी तेज है। क्षेत्र से प्राप्त दावेदारों की सूची में अंतिम नामों का चयन करते हुए सूची प्रदेश संगठन ने केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेज दी है। हालांकि यह प्रक्रिया इतनी गोपनीय है कि इस बारे में किसी को खबर नहीं है। फिर भी सूत्र बताते हैं कि दिल्ली भेजी गई सूची में छह नाम दिए गए हैं। इन्हीं में से प्रत्याशी का चयन होना है। हरियाणा और महाराष्ट्र में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी कर लेने के बाद केंद्रीय संसदीय बोर्ड उपचुनाव के लिए नाम तय करेगा।
माना यही जा रहा है कि 27 सितंबर की रात तक नाम तय हो जाएंगे और 28 को इसे सार्वजनिक किया जा सकता है। प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के अंतिम दौर में होने के कारण दावेदारों ने अपनी ताकत लगा दी है। कई दावेदार इन दिनों दिल्ली में हैं तो कुछ लखनऊ से अपनी सिफारिश साध रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों के पास भी दबाव बनाया जा रहा है। नामांकन की अंतिम तिथि 30 सितंबर होने से संभावित दावेदारों ने चुपचाप अपनी तैयारी भी कर ली है।