Govind Nagar By-Poll : मैदान में 20 उम्मीदवार, जानिए किसने किस दल से भरा पर्चा और कौन है निर्दलीय
भाजपा प्रत्याशी की पत्नी ने वंदना मैथानी ने भी बतौर निर्दलीय पर्चा भरा है।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में 20 प्रत्याशियों ने ताल ठोंक दी है। कांग्रेस, भाजपा, सपा और बसपा के अलावा सात अन्य दलों के भी प्रत्याशी भी मैदान में हैं। इनके अलावा दस निर्दलीय भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में भाजपा प्रत्याशी की पत्नी ने भी पर्चा भरा है। हालांकि प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने अब रणनीति के तहत वोट अपने पाले में करने के लिए जुट गए हैं।
सोमवार को नामांकन जुलूस में सभी प्रत्याशी ने शक्ति प्रदर्शन कर अपनी ताकत का अहसास भी करा दिया। आखिरी दिन भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी समेत मंत्री सतीश महाना, सांसद देवेंद्र सिंह भोले भी मौजूद रहे। वहीं सपा से सम्राट विकास यादव के साथ शहर और प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद रहे। नामांकन कर चुके बसपा प्रत्याशी देवी प्रसाद तिवारी व कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर ने सोमवार को एक-एक सेट और दाखिल किया।
इतना ही नहीं भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मैथानी की पत्नी वंदना मैथानी ने भी बतौर निर्दलीय पर्चा भरा है। आइआइटी कानपुर से एमटेक देवेंद्र कुमार सिंह ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद नाम वापसी तीन अक्टूबर को होगी। इसके बाद ही साफ होगा कि अंतिम मुकाबले में कितने प्रत्याशी मैदान में बचते हैैं। उपचुनाव के लिए 21 अक्टूबर को मतदान व 24 को मतगणना होगी।
नामांकन करने वाले उम्मीदवार
- भाजपा : सुरेंद्र मैथानी भाजपा
- समाजवादी पार्टी : सम्राट विकास यादव
- कांग्रेस : करिश्मा ठाकुर
- बसपा : देवी प्रसाद तिवारी
- अर्जक अधिकार दल : विपिन कुमार
- लोक दल : आदर्श
- सभीजन पार्टी : योगेंद्र अग्निहोत्री
- जनसंघ : महेश चंद्र शर्मा
- बहुजन मुक्ति पार्टी : सोमेंद्र सिंह
- जस्टिस पार्टी : अनीता देवी
- भारतीय शक्ति चेतना पार्टी : राकेश कुमार त्रिपाठी
- निर्दलीय : देवेंद्र कुमार सिंह, वीएन पाल, वंदना मैथानी, चंदन शुक्ला, प्रदीप कुमार त्रिपाठी, राजदीप सिंह, शबाना उस्मानी, धीरेंद्र प्रताप सिंह मल्ल, सुरेंद्र कटियार, मनप्यारे।