दीपावली पर केस्को नहीं होने देगा अंधेरा
अभियंताओं को व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश
जागरण संवाददाता, कानपुर : दीपावली पर उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली देने के लिए केस्को ने कवायद शुरू कर दी है। जर्जर तार बदले जा रहे हैं, ट्रांसफार्मरों का मेंटीनेंस भी किया जा रहा है। अभियंताओं को बिजली को लेकर दीपावली से पहले सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिये गये हैं।
दीपावली से पहले अभियंताओं को ओवर लोड की समस्या को दूर करने के लिए कहा गया है। जिस ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड हो उसे बैलेंस करने के निर्देश दिये गये हैं। ट्रांसफार्मर फुंकने पर ट्राली ट्रांसफार्मर लगाया जायेगा। दीपावली के लिए हर डिवीजन में दो ट्राली ट्रांसफार्मर तैयार रहेंगे। दीपावली पर बिजली कटौती नहीं होगी, फाल्ट होने पर उन्हें तुरंत बनाया जाएगा। हेल्पलाइन अथवा सबस्टेशनों पर बिजली समस्या को लेकर आने वाली शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा। दीपावली पर 250 गैंग व 43 सीएनजी वाहन मुस्तैद रहेंगे। केस्को पीएटी ललित कृष्णा ने बताया कि सभी अभियंताओं के निर्देश दिये गये हैं कि दीपावली से पहले सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जायें ताकि त्योहार पर उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। केस्को झूलते व लटकते तारों को दुरुस्त करा रहा है, ट्रांसफार्मरों के आसपास सफाई अभियान भी चलाया गया है। दीपावली से पहले ही अभियंताओं को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। गैंग को स्टोर से सामग्री उपलब्ध कराई जायेगी, फाल्ट होने पर उन्हें तुरंत बनाया जायेगा।