अटल घाट पर दिखा काशी, हरिद्वार जैसा नजारा, 11 हजार दीपों से रोशन हुआ अटल घाट और मां गंगा में अर्पित किए गए दीप
शुक्रवार को जिला प्रशासन व नगर निगम ने अटल घाट पर गंगा आरती व पूजन का आयोजन किया। शुरुआत औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना महापौर प्रमिला पांडेय मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर व नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी पं. शिवकांत ने मां गंगा पर चुनरी अर्पित कर की।
कानपुर, जेएनएन। पवित पावनी मां गंगा के तट पर गंगा आरती के दौरान काशी-हरिद्वार सा नजारा दिखाई दिया। 11 हजार से ज्यादा दीप की रोशनी ने गंगा बैराज की छटा को ऐसा मनमोहक बनाया कि हर कोई इस दृश्य को मोबाइल कैमरे में कैद करने को आतुर दिखाई दिया।
शुक्रवार को जिला प्रशासन व नगर निगम ने अटल घाट पर गंगा आरती व पूजन का आयोजन किया। शुरुआत औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, महापौर प्रमिला पांडेय, मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर व नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी, पं. शिवकांत ने मां गंगा पर चुनरी अर्पित कर की। उत्तराखंड से गंगोत्री का जल लेकर आए आयुष गौड़ ने मां गंगा को जल अर्पित किया। इसके बाद गंगा आरती की गई। सभी ने हाथों में दीप लेकर मां से सुख-समृद्धि और कोरोना से निजात की कामना की।
गोविंद बोलो हरे गोपाला बोलो... भजन और शंखनाद के बीच भक्तों ने मां गंगा के जयकारे लगाए। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मेरे कार्यकाल में बने घाट पर शुभ कार्य का श्रीगणेश करने का मौका मिला। महापौर ने कहा कि गंगा की स्वच्छता में सबको योगदान देना होगा। इस अवसर पर राज्यमंत्री इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी अजीत पाल एडीएम सिटी अतुल कुमार, गोल्डन बाबा मनोजानंद, गुरूविंदर सिंह छाबड़ा आदि उपस्थित रहे।