#GoodNews:कानपुर में इस हफ्ते से खुल सकता है चिडिय़ाघर, पोल्ट्री फॉर्म खोलने पर भी हो रहा विचार
चिडिय़ाघर में चौथी बार पक्षीघर के पक्षियों का नमूना लिए जाने की तैयारी। पशुपालन की टीम भी तीसरी बार मुर्गों के नमूने भरकर बरेली भेजेगी। करीब पांच दिन बाद इन सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई तो पशुपालन विभाग ने राहत की सांस ली थी।
कानपुर, जेएनएन। बर्ड फ्लू का खतरा अब खत्म होता नजर आ रहा है। चिडिय़ाघर में तीन बार पक्षियों के लिए गए नमूने जांच में निगेटिव आने के बाद इसके खुलने की आस जग रही है। दर्शकों के लिए यह खोलने से पहले चौथी बार चिडिय़ाघर प्रशासन पक्षियों के नमूने लेने की तैयारी कर रहा है। उधर दूसरी ओर शहर के पोल्ट्री फॉर्म खोले जाने की योजना भी बनाई जा रही है। इसका कारण यह है कि पशुपालन विभाग की टीम ने मुर्गों के जो दो नमूने लिए थे वह भी निगेटिव आए हैं।
22 दिन पहले सामने आया था बर्ड फ्लू का मामला
अब तीसरी बार मुर्गों के नमूने भरकर भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान बरेली भेजने की तैयारी है। इन नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद पोल्ट्री फॉर्म खोले जा सकते हैं। चिडिय़ाघर में 22 दिन पहले बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। उसके बाद से चिडिय़ाघर व पोल्ट्री फॉर्म बंद कर दिए गए थे। पक्षियों की जांच लगातार की जाने लगी जबकि उन पर निगाह रखने के लिए टीमें भी बना दी गईं। जांच के तहत पशुपालन विभाग की टीम ने साढ़े चार सौ से अधिक मुर्गों के सैंपल लिए। करीब पांच दिन बाद इन सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई तो पशुपालन विभाग ने राहत की सांस तो ली लेकिन किसी भी संचालक को दस किलोमीटर के दायरे में पोल्ट्री फॉर्म खोलने की इजाजत नहीं दी गई।
इनका ये है कहना
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि तीसरी बार मुर्गों के नमूने इसी हफ्ते लिए जाएंगे। वहीं दूसरी ओर चिडिय़ाघर से चार व पांच फरवरी को मिट्टी, पक्षी व पानी के नमूने भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान बरेली भेजे जाएंगे। सहायक निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अगर सभी की रिपोर्ट निगेटिव आती है तो चिडिय़ाघर खोलने पर विचार किया जा सकता है। चिडिय़ाघर खोलने से पहले पशुपालन विभाग व वन विभाग के साथ बैठक की जाएगी।