Weather Kanpur News: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम का रुख, कुछ ही दिन में हल्की बारिश के आसार
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में चक्रवात के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन हुआ है। चक्रवात का प्रभाव आगामी तीन दिन रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
कानपुर, जेएनएन। जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में उठे चक्रवात के प्रभाव से मंगलवार को मौसम का रुख बदल गया। इससे मंगलवार तड़के हवा चलने के साथ ही आसमान में बदली छाई रही और तापमान में करीब 6.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अनलाक के पहले दिन घर से बाहर निकले लाेगों को गर्मी व तपन का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ दिन पहले सुहावना मौसम बने रहने के बाद से करीब एक हफ्ते से उमस भरा माहौल बन रहा है। तापमान में हो रही बढ़ोतरी के कारण लोगों के लिए दिन-रात काटना मुश्किल हो रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में चक्रवात के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन हुआ है। चक्रवात का प्रभाव आगामी तीन दिन रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही मानसून की दस्तक भी हो गई है, उसके प्रभाव से भी मौसम में परिवर्तन हो रहा है। इसके अलावा मौसम विज्ञानी ने हल्की वर्षा होने की संभावना भी जताई है।
कुछ यूं रहा मौसम का हाल: मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री रहा, जाे कि सामान्य से 06.7 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। वहीं सापेक्षिक आर्द्रता की बात करें तो अधिकतम 63 और न्यूनतम 53 डिग्री रही। मंगलवार को उत्तर पूर्वी दिशा में 5.3 कि०मी०/घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।