Kanpur Weather Update: गुरेवी चक्रवात दक्षिण के राज्यों में कराएगा बारिश, मैदानी क्षेत्रों में आएगी नम हवा
हिंद महासागर में भूमध्य रेखा व उससे सटे दक्षिणी अंडमान सागर पर गुरेवी चक्रवाती तूफान सक्रिय हो गया है। इससे कैस्पियन सागर की ओर से आ रही ठंडी शुष्क हवा को नम हवा रोकेगी जिससे हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है।
कानपुर, जेएनएन। निवार, गति के बाद एक और चक्रवाती तूफान गुरेवी सक्रिय हो गया है। यह हिंद महासागर में भूमध्य रेखा और उससे सटे दक्षिणी अंडमान सागर पर विकसित हो रहा है। अगले दो से तीन दिन में दक्षिण के राज्यों में लैंडफॉल करेगा। इसके असर से तेज हवा चलेगी, जबकि झमाझम बारिश होगी। गुरवी के साथ ही नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगी, जो कि कैस्पियन सागर से आ रही शुष्क हवा का रास्ता रोकेगी। इस प्रक्रिया से तापमान में गिरावट कम हो जाएगी। उससे अगले 48 घंटे तक शीत लहर प्रभावित नहीं कर पाएगी। धुंध बढ़ जाएगी, जबकि वातावरण में प्रदूषण के घनत्व का इजाफा होगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक गुरेवी का असर गंगा के मैदानी क्षेत्रों में न के बराबर रहेगा। केवल शुष्क हवा आएगी। इस बीच बंगाल की खाड़ी में अगर कोई सिस्टम बनता है तो पश्चिमी बंगाल, असोम, उड़ीसा के पास हल्की बारिश हो सकती है। वातावरण में नमी के बढ़ने से तापमान नीचे नहीं जाता है। मौसम विभाग की ओर से किसानों और समुद्र किनारे रहने वालों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं
मौजूदा समय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। पहले बना विक्षोभ चीन की ओर निकल गया है। ला नीना का प्रभाव बना हुआ है। कानपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हवा की गति 2.5 किलोमीटर प्रति घंटा रिकार्ड हुई।