Kanpur Weather Update: नम हवा करा रही ठंड का अहसास, सुबह और शाम बढ़ रही धुंध
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मैदानी क्षेत्रों में नम हवा आ रही है जिससे ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। तापमान में गिरावट फिलहाल स्थर है लेकिन सुबह और शाम की ठंड अब घरों से बाहर निकलाने वाले लोगों को बेहाल करने लगी है।
कानपुर, जेएनएन। तापमान में गिरावट भले ही रुक गई हो, लेकिन मौसम सर्दी का अहसास करा रहा है। घर से बिना स्वेटर, जैकेट और गर्म कोट पहने निकलना मुनासिब नहीं है। यह स्थिति बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी लेकर आ रही हवा की वजह से हुई है। शहर में सुबह और शाम की ठंड में इजाफा हो रहा है और धुंध भी छाने लगी।
कैस्पियन सागर से आने वाली शुष्क हवा के प्रभाव को जम्मू कश्मीर से नजदीक सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने कम कर दिया है। इसके असर से पहाड़ों पर बर्फ गिरेगी और बारिश हो सकती है। बर्फबारी की वजह से पहाड़ों से ठंडी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आएगी। अब तक कैस्पियन सागर से शुष्क हवा आ रही थी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह कमजोर हो गई हैं। दूसरी ओर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव कम हो गया है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अधिकतम तापमान 25 से 28 और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। कोई खास गिरावट नहीं आएगी, फिलहाल उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ज्यादा सर्दी पड़ने की संभावना नहीं है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में सुबह और शाम को हल्का कोहरा पड़ सकता है। हवा सामान्य से अधिक रफ्तार से चलेगी। उत्तर के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से पश्चिमी हिमालय पर बारिश और हिमपात होगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है।