Kanpur Weather Update: तेज आंधी संग बारिश के आसार, कानपुर समेत कई जिलों को अलर्ट
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने कानपुर समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में सात मई तक हल्की बारिश और तेज आंधी की संभावना बनी है।
कानपुर, जेएनएन। अगले चार से पांच दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। बदली छाई रहेगी, जबकि तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने कानपुर, कन्नौज, फरुखाबाद, उन्नाव,बिजनोर, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, बदायूं, मैनपुरी,बलरामपुर, बहराइच के लिए अलर्ट जारी किया है। यहां कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई जा रही है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी युक्त हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। यह पहाड़ी क्षेत्रों की हवा को भी खींच रहा है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसका हल्का असर भी मैदानी इलाकों में है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार पिछले दो दिन से दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र से आने वाली नमी भरी हवा अरब सागर से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में नमी दे रही है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से में आंधी और बारिश के आसार हैं। तेज हवा चलेगी और बादलों से गर्जना होगी। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका है।
यह स्थिति उत्तर-पश्चिम भारत, गुजरात के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वोत्तर के राज्यों के कुछ हिस्सों तथा दक्षिण प्रायद्वीप में रविवार से बढ़ने की उम्मीद है। सात मई तक बारिश और गरज के साथ बौछारें जारी रह सकती हैं। तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेंगे, लेकिन गर्मी और उमस रहेगी। रात के समय उमस ज्यादा हो सकती है।