Weather Update Kanpur: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण सुबह-शाम चलेगी शीतलहर, शुक्रवार से और बढ़ सकती ठंड
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हो रहा उतार चढ़ाव। तूफान निवार एक दिन हुआ लेट दक्षिण क्षेत्र में बरसेगा पानी। झमाझम बारिश और तेज हवा चलने की आशंका है। कानपुर लखनऊ प्रयागराज फर्रुखाबाद फतेहपुर इटावा उन्नाव आदि शहरों में बदली रहेगी।
कानपुर, जेएनएन। कैस्पियन सागर से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखंड में बर्फ गिरने लगी है, जिसका असर मैदानी क्षेत्रों पर पड़ना शुरू हो गया है। सुबह शाम के समय हल्की धुंध नजर आ रही है, जबकि शीत लहर जैसे आसार बन रहे हैं। सोमवार की रात ने 30 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हालांकि मौसम विज्ञानी अभी दो दिन पारा थोड़ा ऊपर जाने के संकेत दे रहे हैं। दूसरी ओर चक्रवाती तूफान निवार एक दिन लेट हो गया है। उसके बुधवार को दक्षिण में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों को प्रभावित करने के आसार हैं। तूफान से खतरे का अंदेशा देखते हुए वहां के शहरों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
दिन भर छाई रहेगी बदली
झमाझम बारिश और तेज हवा चलने की आशंका है। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, इटावा, उन्नाव आदि शहरों में बदली रहेगी। बारिश की संभावना न के बराबर है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बादलों की वजह से तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस आगे पीछे रहेगा। शुक्रवार से फिर ठंडक बढ़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान ऊपर नीचे की ओर जाएगा।
मौसम में परिवर्तन ला सकता नया सिस्टम
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम विकसित हो रहा है। यह एक दिसंबर के आसपास सक्रिय होगा, जिसका ज्यादा असर दक्षिण भारत के शहरों पर पड़ेगा। यह सिस्टम मौसम में फिर से परिवर्तन ला सकता है। इसके मैदानी क्षेत्रों में मजबूत रहने पर नमी लिए हवा वायुमंडल के काफी ऊपर से गुजरेगी, कैस्पियन सागर की ओर से आने वाली हवा शुष्क रहती है। दोनों के टकराने से सर्दी कुछ दिन कम हो सकती है।
अधिकतम न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव
तारीख | अधिकतम | न्यूनतम |
18 | 26.0 | 16.6 |
19 | 25.0 | 15.6 |
20 | 24.6 | 14.4 |
21 | 24.0 | 12.4 |
22 | 23.4 | 10.0 |
23 | 24.4 | 8.8 |
24 | 24.8 | 6.6 |
(आंकड़े नवंबर माह के हैं।)