Kanpur Violence : ईडी को सौंपेंगे पाक नागरिक शाहिद हलीम की संपत्ति से जुड़े कागजात, 13 साल से मांग रहा था सूचना
कानपुर में पाकिस्तान नागरिक शाहिद हलीम की संत्तियों के कागजात प्रवर्तन निदेशालय पिछले 13 साल से मांग रहा है लेकिन अभी तक मामला ठंडे बस्ते में था। अब प्रशासन ने सभी जानकारियां ईडी को भेजने की कवायद शुरू की है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। पाकिस्तानी नागरिक शाहिद हलीम की संपत्तियों से जुड़ी संपूर्ण जानकारी अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने इस संबंध में निर्णय ले लिया है। संपत्तियों से जुड़ी जानकारी देने के लिए डीएम विशाख जी ने अपर महानगर मजिस्ट्रेट द्वितीय को जिम्मेदारी सौंपी है।
गौरतलब है कि ईडी पिछले 13 वर्षों से पाकिस्तानी नागरिक की संपत्तियों से जुड़ी जानकारी मांग रहा है। इस संबंध में दैनिक जागरण ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी जिसके बाद जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
शहर में शाहिद हलीम की 13 संपत्तियां हैं जिन्हें शत्रु संपत्ति घोषित करने की कवायद चल रही है। शाहिद हलीम के पाक जाने के बाद इन संपत्तियों की अवैध तरीके से खरीद फरोख्त की गई। लोगों को पूरी जानकारी दिए बिना ही संपत्तियां बेची गईं। इन संपत्तियों में रहने वाले संपत्ति खरीद की रजिस्ट्रियां भी दिखाते हैं। यह तथ्य भी सामने आए हैं कि शाहिद हलीम ने पाक जाने के बाद इन संपत्तियों को बेचा।
गौरतलब हो कि ज्यादातर संपत्तियों से मुख्तार बाबा का नाम जुड़ा है। ऐसे में इन संपत्तियों की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय के सहायक निदेशक वीपी गोगिया ने पहला पत्र अक्टूबर 2009 में लिखा था। यह पत्र भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक दिनेश सिंह को भेजा गया था जिसमें ईडी ने शाहिद हलीम की संपत्ति की खरीद करने वालों की जानकारी, रजिस्ट्रियों के दस्तावेज, यहां रहने वाले लोगों के नाम और पते समेत अन्य जानकारियां मांगी थी लेकिन ईडी को तब कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
इसके बाद ईडी ने लगातार तीन बार डीएम कानपुर नगर को पत्र भेजकर यह जानकारियां मांगी थी। इसी क्रम में अब समस्त जानकारियां भेजने का निर्णय लिया गया है। अगले सप्ताह तक दस्तावेज भेज दिए जाएंगे।
-ईडी ने जानकारी मांगी है। रजिस्ट्री और संपत्तियों में रहने वालों की डिटेल जुटा ली गई है। कुछ और जानकारियां जुटायी जा रही हैं। ईडी की मंशा के अनुरूप समस्त सूचना उन्हें जल्द ही भेज दी जाएगी। -दीपक कुमार पाल, अपर नगर मजिस्ट्रेट
ईडी ने कब-कब भेजा पत्र था पत्र
- सात अक्टूबर 2009 को पहला पत्र भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक के नाम पर ईडी के सहायक निदेशक वीपी गोगिया ने भेजा
- आठ जून 2018 को दूसरा पत्र जिलाधिकारी कानपुर के नाम पर ईडी के सहायक निदेशक सुशील कुमार ने भेजा
- 22 जून 2021 को तीसरा पत्र जिलाधिकारी कानपुर के नाम पर ईडी के सहायक निदेशक राहुल वर्मा ने भेजा
- 15 फरवरी 2022 को चौथा पत्र जिलाधिकारी कानपुर के नाम पर ईडी के सहायक निदेशक राहुल वर्मा ने भेजा
यह हैं शाहिद हलीम की संपत्तियां
13/389 परमट, 13/390 परमट, 91/146 हीरामन का पुरवा, 116/630 गार्डन, 90/92 दलेल पुरवा, 91/71 दलेल पुरवा, 41/125 नई सड़क, 41/125 नई सड़क, 93/124 अनवरगंज, 93/110 अनवरगंज, 7/190 बशीर बाग स्वरूप नगर, 7/189 एबीसी स्वरूप नगर, 100/406 कंघी मोहाल।