कानपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट 30 तक निरस्त, शेड्यूल में भी बदलाव की तैयारी
कोविड संक्रमण और खराब मौसम के चलते मंगलवार को भी मुंबई से कानपुर विमान नहीं आया और दिल्ली की उड़ान को अचानक रद किया गया है। अब विमानन कंपनी स्पाइस जेट आगे नए शेड्यूल पर उड़ान शुरू करने की तैयारी कर रही है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कोविड संक्रमण और खराब मौसम ने विमान सेवा को प्रभावित किया है। यात्री लोड न मिलने से जहां विमानन कंपनियां अचानक फ्लाइट रद कर रही हैं वहीं शेड्यूल में भी बदलाव किया जा रहा है। इसी के चलते मंगलवार को विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने दिल्ली फ्लाइट को अचानक रद कर दिया। इसके साथ ही 30 जनवरी तक के लिए मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट को भी निरस्त कर दिया गया है।
कोविड संक्रमण के चलते फ्लाइट में यात्री लोड लगातार कम होता जा रहा है। मुंबई, बेंगलुरु या फिर दिल्ली की फ्लाइट हो सभी में यात्री लोड 50 प्रतिशत से भी कम रह गया है। विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने इससे पहले भी अपनी मुंबई विमान सेवा को कुछ दिनों के लिए निरस्त कर दिया था।
एक बार फिर कंपनी ने दिल्ली और मुंबई सेवा को 30 जनवरी तक के लिए निरस्त कर दिया है। वहीं विमानन कंपनी इंडिगो ने भी बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइट को भी एक दिन छोड़ कर दिया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को विमानन कंपनी स्पाइस जेट की दिल्ली और इंडिगो की मुंबई फ्लाइट को आना था, लेकिन दिल्ली की फ्लाइट को अचानक निरस्त कर दिया गया, जबकि मुंबई की फ्लाइट आई।