Kanpur Shelter Home : फिर चर्चा में आया बालिका गृह, 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागीं दाे किशोरियां
आगरा व इटावा की रहने वाली किशोरियाें के प्रेमियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है इसमें एक ने शादी कर ली थी।
कानपुर, जेएनएन। स्वरूपनगर स्थित राजकीय बालिकागृह एक बार फिर चर्चा में आ गया है, इस बार दो बालिकाओं का बीस फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने की घटना से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने तीन कर्मचारियों व चार महिला होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके किशोरियों को भगाने में मदद करने वाले की तलाश शुरू की है। जिला प्रशासन की ओर से एसीएम छह को जांच सौंपी गई है, वहीं पुलिस इटावा, मैनपुरी व आगरा में किशोरियों की तलाश कर रही है।
प्रेमियों को जेल भेज चुकी है पुलिस
आगरा के इरादतनगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी और इटावा के जसवंतनगर की 16 वर्षीय किशोरी को चार सितंबर को बालिका गृह लाया गया था। दोनों ही अपने प्रेमियों के साथ गई थीं, इसमें से एक ने शादी भी कर ली थी। पुलिस ने उनके प्रेमियों को अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा था। बुधवार तड़के दोनों किशोरियां संस्थान के पिछले हिस्से में बने स्नानागार की दीवार पर चढ़कर भाग निकलीं थीं। करीब 10 बजे कर्मचारियों ने परिसर में रह रहीं अधीक्षिका उर्मिला गुप्ता को जानकारी दी। पुलिस को प्राथमिक छानबीन के बाद संदेह है कि किशोरियों के भागने में काई मददगार रहा है, सामने आया है कि किसी युवक ने मदद की है।
इटावा के एक युवक पर शक
स्वरूप नगर थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय ने बताया कि किशोरियां बालिका गृह के पिछले हिस्से में स्नानागार की दीवार पर चढ़ीं और फिर 20 फीट ऊंची दीवार से कूदकर बाहर निकलीं। कैमरे में दिखा है कि वह हैलट अस्पताल के सामने एक मेडिकल स्टोर के पास खड़ी थीं। इसके बाद गोल चौराहे की ओर गईं। मामले में अधीक्षिका उर्मिला गुप्ता की तहरीर पर शिफ्ट प्रभारी अफसाना बेगम, कर्मचारी हेमलता, रजनी और चार महिला होमगार्ड मंजू लता, मनोरमा, निशा, रत्नेश देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरियों की तलाश जारी है, शक है कि इटावा के एक युवक ने दोनों की मदद की है।
सात वर्ष पहले भी इसी रास्ते से भागी थीं पांच किशोरियां
जिस दीवार को फांदकर दोनों किशोरियां भागी हैं, वहीं से सात वर्ष पूर्व पांच किशोरियां निकल गई थीं। हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें ढूंढ़ लिया था। इसके बाद दीवार को ठीक कराया गया था। इस घटना से फिर संवासिनीगृह की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।
- मामले में निदेशालय को जांच कराने की संस्तुति की गई। जिला प्रशासन की ओर से एसीएम छह को जांच सौंपी गई है। अधीक्षिका ने मुकदमा लिखाया है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। -अभय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी
- किशोरियों के लापता होने के मामले में चार महिला होमगार्डों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर चारों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। - चंद्रमोहन मिश्र, जिला कमांडेंट होमगार्ड