कानपुर में खोदी हुई सड़कें सफर को बना रहीं दुर्गम, उड़ती धूल से सांस लेना हो रहा मुश्किल
प्रेमनगर से चमनगंज जाने वाले रास्ते में केस्को ने केबल डालने के लिए जगह-जगह सड़क और फुटपाथ और जल निगम ने लीकेज ठीक करने के लिए कई जगह सड़क खोद दी है। इसके कारण निकलना मुश्किल हो गया है।
कानपुर, जेएनएन। जल निगम और केस्को की बेतरतीब खोदाई शहरवासियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। जगह-जगह लीकेज ठीक करने के लिए सड़क खोद दी है लेकिन ठीक से मोटरेबल नहीं किया है। रही सही कसर केस्को वालों ने केबल डालकर पूरी कर दी है। इसके चलते रोज ही ई रिक्शा और दोपहिया वाहन पलटते हैं और वाहन चालक चोटिल हो जाते हैं। प्रेमनगर से चमनगंज जाने वाला रास्ता खतरनाक हो गया है। इसके अलावा पीरोड में भी पाइप डालने के लिए सड़क खोद डाली है। खोदी सड़क और उड़ती धूल मुसीबत बन गयी है।
प्रेमनगर से चमनगंज जाने वाले रास्ते में केस्को ने केबल डालने के लिए जगह-जगह सड़क और फुटपाथ और जल निगम ने लीकेज ठीक करने के लिए कई जगह सड़क खोद दी है। इसके कारण निकलना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के परवेज आलम, रईस अहमद, शारिक सिद्दीकी, असद सिद्दीकी, ताज मोहम्मद, जाकिर अहमद, राशिद अंसारी, पप्पू, शमीम खान, कय्यूम अहमद, सैय्यद शरीफ, नौशाद आलम, मोईन अहमद ने बताया कि रोज ही खोदी सड़क में रोज लोग फंसते है। पीरोड में लेनिन पार्क पीरोड से गोपाल टाकीज चौराहा जाने वाले रास्ते में पचास मीटर से ज्यादा सड़क खोदकर छोड़ दी है। दिनभर धूल उड़ती रहती है। इसके कारण वाहन चलना लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। क्षेत्र के गोलू बाजपेयी, हिमांशु, सुशील सक्सेना, राजेश सिंह, श्याम लाल ने बताया कि कई लोगों अब तक फंस चुके है। महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि खोदाई करने वाले विभागों से सड़क ठीक करायी जाएगी।