कानपुर नगर निगम की भूमि पर कब्जा किया तो देना होगा भारी जुर्माना, वसूली के लिए बनेंगी टीमें
कानपुर नगर निगम की कार्यकारिणी ने प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है अब सिर्फ सदन की हरी झंडी मिलना बाकी रह गया है इसके बाद जोनवार कब्जेदारों से दिन के हिसाब से अलग अलग बनाई जाने वाली टीमें जुर्माना वसूलने का काम करेंगी।
कानपुर, जेएनएन। अब नगर निगम की जमीन कब्जाई तो दिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा, जिसकी राशि भी तय हो गई है। नगर निगम कार्यकारिणी ने इसकी स्वीकृति दे दी है, केवल सदन की अनुमति बाकी है। इसके लिए जोनवार टीमें बनेगी जो मौके पर ही जुर्माना वसूलेगी। इससे नगर निगम को रोज करोड़ों रुपये की आय होगी।
दुकान स्टोर रूम व फुटपाथ बना शोरूम
दुकानदारों ने दुकानों को स्टोर रूम और फुटपाथ को शोरूम बना रखा है। 20 हजार दुकानों वाले शहर के बाजारों में से शायद ही कोई ऐसा जहां फुटपाथ कब्जाई न गई हो। कई जगह तो सड़क तक घेरी जा चुकी है। अब ऐसे दुकानदारों से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। अगर रोज के हिसाब से वसूली हो तो लगभग चार करोड़ रुपये की आय होगी। साथ ही जीटी रोड में सड़क पर खड़ी होने वाली बसों से भी वसूली की जाएगी।
यह की जा रही तैयारी
- पीरोड, सीसामऊ, काकादेव, लालबंगला, रावतपुर, गुमटी नंबर पांच, रामादेवी, घंटाघर, कलक्टरगंज, बादशाही नाका आदि जगह अनुमानित 20 हजार दुकानें हैं। फुटपाथ पर कब्जा करने पर एक दुकानदार से दो हजार रुपये वसूला जाएगा, इस हिसाब से एक दिन में चार करोड़ रुपये की वसूली होगी।
- कई जगह तो सड़क पर ही वाहन ठीक किए जाते है। नगर निगम के फुटपाथ और सड़क को घेर रखा है। करोड़ों की जगह पर कब्जा कर रखा है। इसके चलते वाहनों व राहगीरों को निकलने के लिए जूझना पड़ता है। फजलगंज, गड़रियनपुरवा, हर्ष नगर में करीब डेढ़ सौ कब्जेदार है, जिनसे रोज के हिसाब से अनुमानित दस हजार जुर्माना वसूला जाएगा। इस हिसाब से प्रतिदिन की वसूली 15 लाख रुपये होगी।
- गेस्ट हाउस की शहर में संख्या 350 के करीब है। शादी समारोह के दौरान सड़क पर वाहन खड़े किए तो 5000 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
स्मार्ट कैमरों से हो सकती निगरानी
स्मार्ट सिटी मिशन में शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। इसके कंट्रोल रूम से एक-एक स्थान पर नजर रखी जा सकती है। कौन कब्जा किए है, कौन ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ रहा है। जिसके बाद चिन्हित लोगों पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
- जोनवार टीम तैयार करके कब्जेदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। जब तक कब्जा नहीं हटाते है, रोज के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा। - प्रमिला पांडेय, महापौर