Move to Jagran APP

कानपुर में आरा मशीन संचालक ने नगर निगम टीम से की अभद्रता, नाला साफ करने आए कर्मियों को भगाया

कल्याणपुर में पनकी रोड निर्माण के साथ नया नाला बनाया गया था। नाला बनने के तुरंत ही बाद जवाहरलाल स्कूल के पास आरा मशीन संचालक ने मिट्टी भरकर उसे बंद कर दिया। इससे पानी का बहाव बंद होने से नाली का पानी घरों में भर रहा है।

By Shaswat GuptaEdited By: Published: Fri, 26 Nov 2021 07:07 PM (IST)Updated: Fri, 26 Nov 2021 07:07 PM (IST)
कानपुर में आरा मशीन संचालक ने नगर निगम टीम से की अभद्रता, नाला साफ करने आए कर्मियों को भगाया
कल्याणपुर में नाले के ऊपर पड़ी हुई मिट्टी।

कानपुर, जागरण संवाददाता। पनकी रोड पर बंद नाला खोलने गई टीम को आरा मशीन संचालक ने अभद्रता करके भगा दिया। नाला में आरा मशीन संचालक द्वारा भरी गई मिट्टी हटाने पर आरा मशीन संचालक ने नगर निगम के बुलडोजर चालक को पकड़ लिया और टीम को भगा दिया। लोगों ने बंद नाला खोलने को कहा तो अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर नगर निगम टीम बंद नाला खोले बिना ही लौट गई। साथ में मौजूद पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही।

loksabha election banner

कल्याणपुर में पनकी रोड निर्माण के साथ नया नाला बनाया गया था। नाला बनने के तुरंत ही बाद जवाहरलाल स्कूल के पास आरा मशीन संचालक ने मिट्टी भरकर उसे बंद कर दिया। इससे पानी का बहाव बंद होने से नाली का पानी घरों में भर रहा है। साहब नगर की गली में पानी भरने से इलाके में डेंगू जैसी गंभीर बीमारी के पनपने का खतरा बना है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी आरामशीन संचालक से मिले हैं और उससे रुपए लेते हैं। लोगों के कहने पर भी वहां नाला नहीं खोलने दिया जाता है। दूसरी जगह ऊपर-ऊपर मामूली सफाई कर कर्मचारी खानापूर्ति कर चले जाते हैं। नगर निगम के सफाई मेट की मनमानी से साहब नगर और पनकी रोड पर बने मकान के लोग समस्या से जूझ रहे हैं। 

साहब नगर के लोगों ने मामले की शिकायत नगर निगम के उच्चाधिकारियों से की थी। जिस पर शुक्रवार को सफाई टीम बुलडोजर लेकर बंद नाला से मिट्टी हटाने पहुंची थी। लेकिन आरा मशीन संचालक बुलडोजर के सामने आ गया। चालक ने हटने को कहा तो उसे पकड़ लिया। सफाई सुपरवाइजर के विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इस बीच आरा मशीन संचालक ने टीम को धमकी देते हुए दोबारा से नाला खोलने की गलती न करने की नसीहत दे डाली। बावजूद इसके जब साहब नगर के लोगों ने समस्या बताते हुए नाला खुल जाने का अनुरोध किया, तो आरा मशीन संचालक उनसे भी भिड़ गया। हैरानी की बात तो ये है कि चौकी पुलिस की मौजूदगी में आरा मशीन संचालक लोगों के साथ गाली गलौज व टीम को धमकियां देता रहा। इस पर टीम लौट गई। कल्याणपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश चंदेल ने बताया कि नगर निगम की टीम आई थी। जो विरोध पर वापस चली गई। वहीं कल्याणपुर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.