कानपुर के तीरंदाजी और जूडो के खिलाड़ियों को मिलेगा मंच, प्रतियोगिता में दिखाएंगे कौशल
कानपुर मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन जल्द ही कानपुर के तीरंदाजी और जूडो के खिलाडिय़ों को मंच देने जा रही है। फरवरी में तीरंदाजी प्रतियोगिता व मार्च में जूडो का होगा आयोजन होने जा रहा है। जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कानपुर मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन शहर के खिलाडिय़ों को मंच देने के लिए तीरंदाजी और जूडो की प्रतियोगिताएं जल्द ही कराएगी। इसके लिए एसोसिएशन के पदाधिकारी व मास्टर खिलाडिय़ों ने बैठक कर योजना बनाई।
अरमापुर स्टेट स्थित कर्मचारी यूनियन भवन में संपन्न हुई बैठक में तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए फरवरी और जूडो के लिए मार्च माह को चयनित किया गया। एसोसिएशन सुरेंद्र सिंह रैयत ने बताया कि होनहार खिलाड़ी इस मंच पर खेलकर खुद को साबित करेंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते खिलाडिय़ों के लिए कोई प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हो रहा है। इस प्रतियोगिता में खेलकर शहर को बेहतर खिलाड़ी आसानी से मिलेगा। जिससे तीरंदाजी और जूडो खेल में शहर का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। पिछली वर्षों में हुई तीरदांजी और जूडो प्रतियोगिताओं में शहर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक पर कब्जा किया है। इसलिए जूडो और तीरंदाजी खेल की प्रतियोगिताएं कराई जा रही है। मास्टर एथलीट नीरज सिंह ने बताया कि युवाओं को अगर समय-समय पर बेहतर मंच मिलता रहे तो वे राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के दावेदार बन जाएंगे।
इस प्रकार की प्रतियोगिता में खेलकर शहर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए मजबूत होगा और उसका वर्चस्व बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि शहर के खिलाडिय़ों को उत्साह संग इस प्रतियोगिता की तैयारी में जुट जाना चाहिए। जूनियर खिलाडिय़ों के लिए होने वाली प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर के मास्टर खिलाडिय़ों की देखरेख में कराई जाएगी। इसमें शहर के मास्टर खिलाड़ी नंदलाल सिंह, संजय सिंह, सर्वजीत कौर, नीरज शर्मा, अंजली शर्मा, शिव यादव, सदानंद यादव, दिनेश युवा खिलाडिय़ों की प्रतिभा को परखकर उन्हें मंच तक पहुंचाने में मदद करेंगे। प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों ने तैयारी शुरू कर दी है।