कानपुर में सूअर पालकों ने नगर निगम टीम पर किया पथराव, पीएसी जवानों ने खदेड़ कर भगाया
जब नगर निगम की टीम सूअरों को पकड़कर वापस लौट रही थी। तभी कुछ उपद्रवियों ने टीम के सदस्यों पर अचानक हमला बोल दिया जिससे वो भयभीत हो गए और भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि उनके साथ पीएसी जवान थे
कानपुर, जेएनएन। कानपुर में स्थित जूही राखी मंडी में सूअर पालकों में प्रशासन का और नगर निगम टीम का जरा सा भी भय नहीं रह गया है। इसका ताजा उदाहरण गुरूवार को तब सामने आया, जब नगर निगम की टीम सूअरों को पकड़कर वापस लौट रही थी। तभी कुछ उपद्रवियों ने टीम के सदस्यों पर अचानक हमला बोल दिया, जिससे वो भयभीत हो गए और भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि उनके साथ पीएसी जवान थे, जिस वजह से उपद्रवी भारी नहीं पड़ पाए और उलटे पांव लौट गए। कोई भी कर्मी घायल नहीं हुआ।
जूही थाना क्षेत्र के पास जूही राखी मंडी के बुद्ध बिहार में कई वर्षों से सूअर पाले जाते हैं, इसकी वजह से आसपास के इलाके वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता था, जिसकी कई लोगों ने शिकायत थी। गंभीरता दिखाते हुए उप पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निरंजन के नेतृत्व में जिस पर नगर निगम की टीम बुद्ध विहार पहुंची तो सूअर पालक सूअर लेकर भगाने लगे।
इस दौरान दस्ते ने दौड़ा कर सूअरों को पकड़ लिया। इस वजह से आक्रोशित सूअर पालकों ने हंगामा शुरू कर दिया, लेकिन टीम पीछे नहीं हटी और अपनी कार्रवाई करती रही। इलाके से 14 सूअर पकडऩे के बाद टीम गोविंदनगर जाने लगी तो पीछे से कुछ उपद्रवियों ने टीम पर पथराव कर दिया। इसके बाद पीएसी ने मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को खदेड़ लिया। सभी गलियों से होते हुए मेन रोड की तरफ भाग निकले। इसके बाद टीम चली। डॉ. निरंजन ने बताया कि कोई उपद्रवी पकड़ में नहीं आया। इस वजह से रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अभी गोविंदनगर में कार्रवाई चली रही है। इसके बाद अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की जाएगी।