अलीगढ़ में पौधारोपण में हुआ साढ़े चार करोड़ का घोटाला, ईओडब्ल्यू को जांच में सही मिले आरोप
अलीगढ़ में तीन साल पहले छह ब्लॉकों में हुए पौधरोपण में गड़बड़ी की जांच ईओडब्ल्यू कर रहा था। जांच पूरी होने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम अब रिपोर्ट सौंपने की तैयारी कर रही है जल्द ही मुकदमे की संस्तुति की जाएगी।
कानपुर, जेएनएन। अलीगढ़ में पौधारोपण के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोपों की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पूरी कर ली है। इसमें तत्कालीन अधिकारी और कर्मचारियों पर आरोप सही मिले हैं। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट बनानी शुरू कर दी है। जल्द ही इसे शासन को भेज करके आरोपितों के खिलाफ मुकदमे की संस्तुति की जाएगी।
अलीगढ़ के खैर, अतरौली समेत छह ब्लॉकों में तीन वर्ष पूर्व शासन की ओर से पौधारोपण कराया गया था। इसमें बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने शासन से शिकायत की थी। इस पर प्रधान वन संरक्षक के निर्देश पर टीम बनाकर जांच कराई गई थी। इसके बाद शासन की ओर से तत्कालीन जिला वन अधिकारी व वन संरक्षक को हटाया गया था। पिछले वर्ष शासन की ओर से जांच ईओडब्ल्यू कानपुर सेक्टर को सौंपी गई थी। ईओडब्ल्यू टीम ने अलीगढ़ के उन सभी ब्लॉक में जाकर स्थलीय निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, करीब साढ़े चार करोड़ रुपये के घोटाले के सुबूत मिले हैं।
- जांच में तत्कालीन अधिकारी और कर्मचारियों समेत कई व्यक्तियों पर आरोप सही साबित हुए हैं। जांच रिपोर्ट तैयार करके जल्द शासन को भेजी जाएगी। शासन से अनुमति मिलने पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। -बाबूराम, एसपी, ईओडब्ल्यू, कानपुर सेक्टर।