कानपुर : खिचड़ी भोज में भाजपाइयों में मारपीट व पथराव, मंडल मंत्री का सिर फटा
कानपुर में मकर संक्रांति पर आयोजित खिचड़ी भोज में मामूली विवाद में भाजपाइयों में भिड़ंत हो गई। भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी पर मारपीट का अरोप लगाते हुए मंडल मंत्री ने काकादेव थाने में दो नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। फजलगंज चार खंभा चौराहे के पास खिचड़ी भोज में कुर्सी पर बैठने को लेकर भाजपाई आपस में भिड़ गए। इसके बाद शास्त्री नगर में फिर से लाजपत नगर मंडल मंत्री और मीडिया प्रभारी के बीच मारपीट और पथराव हो गया, जिसमें मंडल मंत्री का सिर फट गया। उन्होंने काकादेव थाने में तहरीर दी।
शास्त्री नगर निवासी सतीश शुक्ला भाजपा में लाजपत नगर के मंडल मंत्री हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सतनाम गुप्ता ने चार खंभा चौराहे पर खिचड़ी भोज का कार्यक्रम रखा था, जहां वह भी थे। मंडल मीडिया प्रभारी हरविंदर सिंह और उनके साथी परमवीर उर्फ पम्मी भी वहां मौजूद थे। हरविंदर से उनकी कहासुनी हो गई, लेकिन लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसके बाद वह अपने परिचित के यहां शास्त्री नगर चले गए, जहां हरविंदर और पम्मी सहित छह-सात लोग पहुंचे और मारपीट की।
आरोप लगाया कि हरविंदर ने ईंट मारी जिससे उनका सिर फट गया। बाद में, काकादेव पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। सतीश शुक्ला ने बताया कि उन्होंने दो नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, हरविंदर का कहना है कि उनका समझौता हो गया। थाना प्रभारी रामकुमार गुप्ता ने बताया कि चौकी इंचार्ज के पास तहरीर आई है। जांच कर कार्रवाई होगी।