शादी समारोह में गए युवक का पेड़ से लटका मिला शव, नशे की हालत में आत्महत्या बता रही पुलिस
गुजरात की एक फैक्ट्री में काम करने वाले बिधनू क्षेत्र के बकौली गांव के बबलू छुट्टी पर आए थे। रविवार रात को गांव के ही एक शादी समारोह में गए बबलू को जयमाल कार्यक्रम तक स्थानीय लोगों ने समारोह स्थल पर देखा था।
कानपुर, जागरण संवाददाता। बिधनू बकौली गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए युवक का शव गांव के बाहर आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सुबह तड़के खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव देख स्वजन को जानकारी दी।
बकौली गांव निवासी दर्जी नंद किशोर का 30 वर्षीय बेटा बबलू गुजरात में एक फैक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले वह गांव आया हुआ था। पिता नंद किशोर ने बताया कि रविवार रात को बेटा गांव में ही रमेश प्रजापति की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। जयमाल के कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बबलू को देखा है। इसके बाद वह वहां से निकल आया। सुबह तड़के ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। तभी ग्रामीणों ने खेत के रास्ते पर आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर बबलू का शव लटका देखा। जिसकी जानकारी लोगों ने स्वजन और पुलिस को दी। पुलिस ने शव नीचे उतारकर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। मृतक ने शराब के नशे में आत्महत्या की है।