तीन ट्रकों की भिड़ंत से हाईवे पर लगा लंबा जाम
पुल पर भीषण जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई
जागरण संवाददाता, कानपुर : लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बुधवार सुबह रामादेवी पुल पर तीन ट्रक आपस में टकरा गए। इससे पुल पर भीषण जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने क्रेन से हटवाया। करीब डेढ़ घंटे की जद्दोजहद के बाद पुलिस जाम खुलवा सकी। जाम से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन सवार सबसे ज्यादा परेशान हुए।
मौरंग लदा एक ट्रक फ्लाईओवर से होते हुए लखनऊ की ओर जा रहा था। जेके प्रथम चौराहे के पास ट्रक का अगला पहिया पंचर हो गया। इससे पीछे चल रहे ट्रक ने आगे ट्रक में टक्कर मार दी। दोनों ट्रकों के बाद एक और ट्रक पीछे से ट्रक में घुस गया। गनीमत रही कि कोई हादसे में हताहत नहीं हुआ। इधर पुल पर पीछे चल रहे वाहनों की रफ्तार थम गई। धीरे धीरे जाम लगने लगा और कतार मंगला विहार तक पहुंच गई। जाम से बचने के लिए कई वाहन सवार सर्विस लेन से होकर नीचे जाने लगे तो वहां भी जाम लगने लगा। करीब डेढ़ घण्टे तक यातायात बाधित रहा और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन सवार परेशान हुए। चकेरी पुलिस ने मौरंग लदे ट्रक की मौरंग खाली करवाई जिसके बाद क्रेन उसे खींच सकी। तीनों ट्रक हटवाए गए और वाहन निकलने शुरू हुए। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।