लीकेज को ठीक करने के लिए जलनिगम ने उठाया ऐसा कदम दस लाख लोग पानी के लिए तरसे
शहर में घटिया पड़े पाइपों में लीकेज होने के कारण कई बार बैराज से होने वाली छह करोड़ लीटर जलापूर्ति रूक चुकी है। अगले कंपनी बाग चौराहा पर ही आठ बार लीकेज हो चुका है। घटिया पाइप और कंपनी बाग चौराहा से साउथ और उत्तर के लिए जलापूर्ति होती है।
कानपुर, जेएनएन। कंपनी बाग का लीकेज ठीक करने को लेकर जल निगम ने मंगलवार को सुबह से जलापूर्ति बंद कर दी। इसके चलते कई इलाकों में लो प्रेशर से जलापूर्ति हो गई। दस लाख जनता को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ा। फिलहाल दो दिन जलापूर्ति बंद रहेगी। वहीं पहले से ही लोअर गंगा कैनाल से जलापूर्ति न होने के कारण शहर में संकट है।
जलापूर्ति को लेकर शहर में घटिया पड़े पाइपों में लीकेज होने के कारण कई बार बैराज से होने वाली छह करोड़ लीटर जलापूर्ति रूक चुकी है। अगले कंपनी बाग चौराहा पर ही आठ बार लीकेज हो चुका है। घटिया पाइप और कंपनी बाग चौराहा से साउथ और उत्तर के लिए जलापूर्ति होती है। प्रेशर के चलते घटिया पाइप फट जाते है।
मंगलवार सुबह से बैराज से जलापूर्ति बंद
जल निगम के परियोजना प्रबंधक शमीम अख्तर ने बताया कि मंगलवार को सुबह से बैराज बंद कर दिया गया है। कंपनी बाग चौराहा में आज से लीकेज ठीक करने का काम शुरू हो जाएगा। कम से कम दो दिन पाइप ठीक होने में लग जाएगे। इसके बाद ही जलापूर्ति हो पाएगी।
जलकल की दूषित सप्लाई से जनता परेशान
मानिक वाटिका पोखरपुर जाजमऊ में तीन माह से दूषित जलापूर्ति होने से जनता परेशान है। क्षेत्र के राजेंद्र और आदेश शुक्ल ने बताया कि नलों में बदबूदार पानी आ रहा है। क्षेत्र में जब से नई सीवर लाइन पड़ी है, तभी से दूषित पानी आ रहा है। कई बार अफसरों से शिकायत कर चुके है लेकिन आज तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है। पंप और हैंडपंपों से पानी लेकर काम चलना पड़ रहा है। पीने का पानी लोग खरीद रहे है।