जालौन यौन शोषण केस: दो पीडि़तों की उम्र निर्धारण के लिए झांसी में होगी जांच
सभी घटनाएं अलग-अलग तारीख की होने से अब अलग-अलग मुकदमा दर्ज करने की योजना बन रही है। पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा भी तैयार किया है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कानपुर, जेएनएन। सेवानिवृत्त कानूनगो राम बिहारी की हैवानियत के शिकार दो पीडि़तों की उम्र निर्धारण के लिए मेडिकल जांच होगी। शनिवार को विवेचक उन्हें झांसी लेकर गए हैं। दो दिन में मेडिकल जांच की कार्रवाई पूरी हो जाएगी। वैसे, कई पीडि़त किशोर अब बालिग हो चुके हैं।
शुक्रवार को सेवानिवृत्त कानूनगो की हैवानियत का शिकार हुआ तीसरा पीडि़त पुलिस के सामने आया था। उसकी तहरीर पर कुकर्म, पॉक्सो एक्ट और आइटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। उसका भी शनिवार को चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। उसे उम्र निर्धारण जांच के लिए झांसी नहीं ले जाया जाएगा, क्योंकि अब वह बालिग हो चुका है।प्रभारी निरीक्षक कोंच ने बताया कि जब उसके साथ घटना हुई थी, तब वह नाबालिग था। इसीलिए मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। उधर, वीडियो के आधार पर पुलिस ने शनिवार को भी कई पीडि़तों को चिह्नित किया। उन्हें भी बयान देने के लिए राजी किया जा रहा है। दो पीडि़तों ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए हामी भी भर ली है। सभी घटनाएं अलग-अलग तारीख की होने से अब अलग-अलग मुकदमा दर्ज करने की योजना बन रही है। पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा भी तैयार किया है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।