कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 15 मिनट पहले पहुंची तेजस, ट्रेन के दरवाजे पर यात्री हुए सैनिटाइज फिर दिया प्रवेश
लॉकउाडन के बाद लखनऊ से चलने वाली पहली कॉरपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस का संचालन शनिवार से फिर शुरू कर दिया गया है। शनिवार की सुबह तेजस के कानपुर सेंट्रल पहुंचते ही सवार होने वाले यात्रियों को कोविड नियमों का पालन कराया गया।
कानपुर, जेएनएन। पहली कारपोरेट ट्रेन तेजस शनिवार सुबह अपने निर्धारित समय से 15 मिनट पहले कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंच गई। दिल्ली जाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे यात्री तेजस के आते ही पहले उसे अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने लगे। ट्रेन रुकी तो सुरक्षा में लगे कर्मचारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। कर्मचारियों ने सैनीटाइज करने के बाद यात्रियों को प्रवेश करने दिया।
लखनऊ से चलने वाली तेजस ट्रेन छह माह बाद फिर कानपुर सेंट्रल पहुंची। ट्रेन को 7:25 बजे सेंट्रल पहुंचना था लेकिन निर्धारित समय से पंद्रह मिनट पहले आ गई। ट्रेन के दरवाजे खुले तो कर्मचारी तेजी से नीचे उतरे और दरवाजों के साथ सपोर्टर एंगल को सैनीटाइज किया। इसके बाद माथे पर तिलक लगाए कर्मचारियों ने यात्रियों का स्वागत किया और सैनिटाइज कराने के बाद उन्हें सीट तक पहुंचाया। लॉकडाउन के बाद पहली बार शुरू हुई ट्रेन को क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल गुप्ता दिल्ली लेकर गए। उन्होंने बताया कि जितनी उम्मीद नहीं थी, उससे कहीं ज्यादा यात्रियों का उत्साह देखने को मिला है। प्रबंधक अमित सिन्हा ने बताया कानपुर सेंट्रल से 100 से ज्यादा यात्री दिल्ली गए।
यात्रियों ने कही ये बात
- एक दिन में काम खत्म करके वापस दिल्ली से आ सकते हैं। इससे बेहतर और क्या होगा। –शुभम, श्याम नगर
- तेजस के चलने से दिल्ली का सफर आसान हो गया है। वक्त बचेगा जो ज्यादा जरूरी है। –गौरव सिंह, जेके कालोनी
- जिस तरह से धीरे धीरे ट्रेन शुरू की जा रहीं हैं, वही सही है। अब शताब्दी का इंतजार है। –सत्यम, विजय नगर
- 160 किमी स्पीड वाला नया लोकोमोटिव से इसे चलाया जाना था लेकिन इंजन पुराना ही लगा है। –ऋषि, लखनऊ