विश्वकप क्रिकेट की यादें संजोने को भारत सरकार करने जा रही कुछ ऐसा
क्रिकेट विश्वकप पर भारत सरकार सोने और चांदी का स्मारक सिक्का जारी करेगी।
कानपुर,[बृजेश दुबे]। इंग्लैंड में होने जा रहे क्रिकेट के महाकुंभ का बुखार यूं तो क्रिकेट प्रेमियों के सिर अभी से चढऩे लगा है, लेकिन इस बार इस बुखार को भारत सरकार भी बढ़ाएगी। विभिन्न अवसरों पर विशेष स्मारक सिक्के जारी करने वाली भारत सरकार 12वें विश्वकप के दौरान सिक्का संग्राहकों के साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी स्मारक सिक्का जारी कर रही है। इस सिक्के की खासियत केवल यही नहीं है, कि क्रिकेट पर जारी होने वाला यह पहला सिक्का है, बल्कि भारत सरकार की तरफ से जारी होने वाला सोने का पहला स्मारक सिक्का होगा। सोने की अधिक कीमत क्रिकेट प्रेमियों को निराश न करें, इसका भी ध्यान रखा गया है। सरकार चांदी का भी सिक्का जारी करेगी, जिसकी थीम स्वर्ण सिक्के जैसी ही होगी। ये सिक्के मई के अंतिम सप्ताह तक जारी कर दिए जाएंगे।
12वें क्रिकेट विश्वकप की याद में इस सिक्के का निर्माण मुंबई टकसाल में हो रहा है। स्वर्ण सिक्का 1000 रुपये मूल्य वर्ग का होगा। पांच ग्राम वजन के इस सिक्के की गोलाई 18 मिमी और अनुमानित कीमत करीब 18000 रुपये होगी। सिक्के के एक पहलू पर आइसीसी क्रिकेट विश्वकप का लोगो अंकित होगा तो दूसरे पहलू पर मूल्य वर्ग और अशोक की लाट। चांदी का सिक्का 500 रुपये मूल्य वर्ग का होगा। 40 ग्राम के इस सिक्के की गोलाई 44 मिमी और इसकी अनुमानित कीमत 3000-3200 रुपये होगी। सिक्कों के संग्राहक सुधीर लूणावत का कहना है, अगर क्रिकेट विश्वकप पर सोने का स्मारक सिक्का जारी हो रहा है, तो यह भारत सरकार द्वारा जारी पहला स्वर्ण स्मारक सिक्का होगा। स्मारक सिक्कों के इस सेट के लिए गजट नोटीफिकेशन जल्द होने की उम्मीद है।
आइसीसी से मिली लोगो की अनुमति
सिक्के पर आइसीसी विश्वकप का लोगो लगाने के लिए मुंबई टकसाल ने भारत सरकार के माध्यम से इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से अनुमति मांगी थी। सूत्रों के अनुसार अनुमति मिलने के बाद सिक्का डिजाइन किया गया है।
स्पेशल बॉक्स में होंगे सिक्के, टेंडर जारी
भारत सरकार के अधीन मुंबई टकसाल इन सिक्कों को स्पेशल बॉक्स में जारी करेगी। स्वर्ण सिक्का लाल रंग और रजत सिक्का नीले रंग के बॉक्स में पैक होगा। बॉक्स बनाने के लिए मुंबई टकसाल ने टेंडर भी जारी कर दिया है।
कई देशों ने जारी किए हैं क्रिकेट पर विशेष सिक्के
इसके पहले श्रीलंका, बांग्लादेश, आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड आदि देश क्रिकेट विश्वकप पर विशेष सिक्के जारी कर चुके हैं। तब इन सिक्कों की काफी मांग थी। माना जा रहा है कि भारत सरकार इन सिक्कों को विदेश में भी बिक्री के लिए रखेगी।