समय पर पहुंचना है तो न रहें ट्रेन के भरोसे, कोहरे में देरी से चल रही हैं 164 ट्रेनें Kanpur News
दिल्ली की यात्रा और मुश्किल छह से सात घंटे में पूरा होने वाले सफर में लग रहे 10 से 15 घंटे।
कानपुर, जेएनएन। कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। दिल्ली की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनें इससे बुरी तरह से प्रभावित हैं। छह से सात घंटे में पूरा होने वाले सफर में 10 से 15 घंटे लग रहे हैं। मंगलवार को 164 ट्रेनें विलंब से कानपुर पहुंचीं, वहीं दो दर्जन ट्रेनें ऐसी थी जो तीन घंटे से अधिक लेट हुईं।
ये ट्रेनें काफी विलंब से पहुंची सेंट्रल स्टेशन
आनंद विहार से हटिया जाने वाली झारखंड एक्सप्रेस 10.15 घंटा और नई दिल्ली-मडुवाडीह एक्सप्रेस 14.40 घंटा में दिल्ली से कानपुर पहुंची। दोनों ही ट्रेनें क्रमश: 5.37 घंटे और 6.10 घंटा विलंब से आईं। श्रमशक्ति एक्सप्रेस 3.22 घंटा देरी से दिल्ली पहुंची और वापसी में ट्रेन 3.43 घंटा लेट रही। कानपुर शताब्दी मंगलवार को 28 मिनट की देरी से चली। सबसे अधिक प्रभावित मुंबई से कानपुर के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन रहीं, जो साढ़े पंद्रह घंटे देरी से वापस लौटी। इसके अलावा त्रिवेंद्रम-गोरखपुर राप्ती सागर एक्सप्रेस व दिल्ली से अगरतल्ला जा रही सुंदरी एक्सप्रेस दस-दस घंटा, कोटा-पटना एक्सप्रेस 5.52 घंटा, मडुवाडीह-नई दिल्ली एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटा, मेरठ से आ रही संगम एक्सप्रेस पौने चार घंटा, दिल्ली मालदा टाउन तीन घंटा, चित्रकूट-कानपुर इंटरसिटी साढ़े तीन घंटा, रांची गरीब रथ सवा चार घंटा, भागलपुर-नई दिल्ली 3.40 घंटा, सुल्तानपुर-मुंबई साढ़े छह घंटा, सियालदाह दूरंतो एक्सप्रेस सवा पांच घंटा, भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस साढ़े छह घंटा, कोलकाता राजधानी एक्सप्रेस सवा तीन घंटा, डिब्रूगढ़ नई दिल्ली तीन घंटा, जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पौने नौ घंटा, पुरी से आनी वाली नंदन कानन एक्सप्रेस सात घंटा, हावड़ा कालका एक्सप्रेस साढ़े छह घंटा देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची।