दो पहिया वाहन से जा रहे हैं तो जरूर लगा लें हेलमेट, नहीं तो घर आएगा चालान Kanpur News
शहर में नियुक्त किए गए 300 से अधिक सिविल डिफेंस के वार्डन बिना हेलमेट वालों के नंबर नोट कर भेज देंगे आरटीओ।
कानपुर, जेएनएन। अगर आप दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के निकले तो आपके घर चालान आ जाएगा। जिला प्रशासन, आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस ने इसकी तैयारी कर ली है। शहर में 300 से अधिक सिविल डिफेंस के वार्डन नियुक्त कर दिए गए हैं। ये बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों के नंबर नोट करके ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ को भेज देंगे। इसके बाद कार्रवाई होगी। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत ने एडीएम सिविल सप्लाई डॉ. बसंत अग्रवाल, एसपी ट्रैफिक सुशील कुमार, एआरटीओ प्रशासन आदित्य त्रिपाठी, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन कश्मीर सिंह समेत अन्य अधिकारियों संग बैठक कर निर्देश जारी किए।
हेलमेट पहनकर जाएं पेट्रोलपंप
शुक्रवार से बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। पेट्रोल पंप मालिकों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी कहा गया है।
सरकारी कार्यालयों में हेलमेट अनिवार्य
सरकारी कार्यालयों में हेलमेट पहनकर आना अनिवार्य कर दिया गया है। वहां के विभागीय अधिकारी को नियम का पालन कराने के लिए निर्देशित किया गया है। ट्रैफिक और आरटीओ को वहां भी चेकिंग अभियान चलाने के लिए कहा गया है।
आठ जुलाई से चेकिंग अभियान
अभियान के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। यह आठ से 13 जुलाई तक चेकिंग करेगी।
यहां पर होगी चेकिंग
-कंपनी बाग चौराहे से वीआईपी रोड परमट चौराहे
-गुरुदेव चौराहे से कल्यानपुर क्रासिंग
- जरीब चौकी चौराहे से गुमटी होते हुए गोल चौराहे
- गोल चौराहे से हर्ष नगर तिराहे
- जरीब चौकी चौराहे फजलगंज होते हुए भाटिया तिराहा
- विजय नगर चौराहा से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए आइआइपीआर
- सर्किट हाउस से जाजमऊ नई चुंगी
- नई चुंगी से रामादेवी पीएसी मोड होते हुए टाट मिल चौराहा
- ट्रांसपोर्ट नगर से यशोदा नगर चौराहा