सामने आया हत्या का घिनौना सच, पति ने ही मारने के बाद एसिड से जलाया था चेहरा
साथी ने पुलिस के सामने स्वीकार की हत्या की वारदात आरोपित पति की पुलिस ने तलाश शुरू की।
कानपुर, जेएनएन। चकेरी श्याम नगर के रामपुरम में महिला की हत्या कर शव सूने प्लॉट में फेंकने की वारदात के पीछे घिनौना सच सामने आया है। मामले में पकड़े गए युवक ने साथी द्वारा पत्नी की हत्या कर चेहरा एसिड से जलाने की जानकारी दी है। पुलिस ने उससे मिली जानकारी के आधार पर पति की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी ग्रामीण प्रदुम्न सिंह ने बताया कि 12 मार्च को श्याम नगर के रामपुरम में एक खाली प्लाट में महिला का शव बल्ली से बंधा मिला था। उसका चेहरा एसिड से जला होने के कारण शिनाख्त नही हो पाई थी। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने महिला की शिनाख्त बरेली निवासी ननकी की पुत्री भूरी के रूप में की। छानबीन में सामने आया कि बांदा के रहने वाले पप्पू ने उससे प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों ने साथी फतेहपुर निवासी अमर सिंह से संपर्क किया था।
फतेहपुर का अमर लाया था कानपुर
काम के सिलसिले में दंपती को अमर सिंह श्याम नगर लाया था। यहां पर पप्पू और भूरी किराये के घर में रहने लगे थे। अमर ने पुलिस को बताया कि नशेबाजी के चलते पप्पू का अक्सर भूरी से झगड़ा होता था। पप्पू द्वारा अप्राकृतिक संबंध बनाने का भूरी विरोध करती थी। इसके चलते पप्पू ने उसके साथ मिलकर भूरी की हत्या की साजिश रची थी।12 मार्च को पप्पू ने गला दबाकर भूरी की हत्या कर दी और उसकी मदद से बल्ली में शव को बांधकर प्लाट में फेंक आये। पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर एसिड डाल दिया था। एसपी ने बताया कि अमर सिंह को गिरफ्तार कर पप्पू के संभावित ठिकाने की जानकारी की गई है। पप्पू की लोकेशन सूरत गुजरात मिल रही, उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना किया गया है।