बांदा में शादी की खुशियां मातम में हुईं तब्दील, मौसी की शादी में आए भाई-बहन की यमुना में डूबकर मौत
दिल दहला देने वाली घटना पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ौली कला की है। वहां जसपुरा कस्बे नांदा देव निवासी शिवमंगल की 15 वर्षीय पुत्री रचना व उसका 12 वर्षीय भाई मातादीन अपनी मौसी की शादी में शामिल होने स्वजन के साथ नाना भुल्ली निषाद के घर आए थे।
बांदा, जेएनएन। शादी के दिन खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं जब अचानक दुल्हन के भतीजे-भतीजी की मौत खबर आई। यह दुखद खबर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए प्रत्येक व्यक्ति के लिए दिल दहला देने वाली थी। दरअसल, मौसी की शादी के दिन यमुना नदी में भाई-बहन नहाने के लिए जहां गहराई में जाने से वे दोनों डूबने लगे और उनकी मौत हो गई। घटना को लेकर शादी वाले घर में शहनाई की जगह मातम की स्थिति बन गई। स्वजन दोनों के शव देखकर बेहाल हैं। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूरी कर रही है।
ये है पूरा मामला: दिल दहला देने वाली घटना पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ौली कला की है। वहां जसपुरा कस्बे नांदा देव निवासी शिवमंगल की 15 वर्षीय पुत्री रचना व उसका 12 वर्षीय भाई मातादीन अपनी मौसी की शादी में शामिल होने स्वजन के साथ नाना भुल्ली निषाद के घर आए थे। शुक्रवार रात पड़ोहरा गांव से बरात आनी थी। इससे घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। दोपहर में दोनों भाई-बहन घर व पड़ोस के बच्चों के साथ यमुना नदी नहाने गए थे। जहां दोनों भाई-बहन गहरे पानी में जाने से डूब गए। पास में नहा रहे ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई तो वह उन्हें बचाने के लिए कूदे। जब तक उन्हें किसी तरह ग्रामीणों ने खोजकर पानी से बाहर निकाला तब तक दोनों की सांसे थम चुकी थीं। स्वजन पुष्टि के लिए उन्हें चिकित्सकों के पास ले गए। जहां चिकित्सकों ने देखकर मृत घोषित कर दिया।
इनका ये है कहना: पैलानी थानाध्यक्ष उमेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा कराया जा रहा है। बिलखते स्वजन को ढांढ़स बंधाने का प्रयास कर रहे हैं।