गोविंदनगर में मिला मवेशी का सिर, बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
गोविंद नगर थानाक्षेत्र में एक मवेशी का सिर मिलने से नाराज लोगों ने हंगामा किया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के जोन कार्यालय में जाकर नारेबाजी की। दोषी लोगों को पता लगाकर इनके खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा देने पर नाराज लोग शांत हुए।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदनगर में मवेशी का सिर मिलने पर तमाम लोग सड़क पर आ गये। इसकी जानकारी पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जोन पांच कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। सीओ गोविंद नगर के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर कार्रïवाई करने का भरोसा देकर नारेबाजी कर रहे लोगों को शांत कराया।
गोविंदनगर स्थित डाकघर वाली गली में दोपहर मवेशी का सिर पड़ा था। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गये। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना बजरंग दल कार्यकर्ताओं को दी। आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों को फोन किया था, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। कार्यकर्ताओं ने मौके पर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मवेशी का सिर को उठाकर ले गई। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चावला मार्केट से नगर निगम जोन पांच कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने जोनल अधिकारी के कमरे में बैठकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। यह लोग नगर निगम अधिकारियों पर आरोप लगा रहे थे। जोन कार्यालय में हंगामा होने की सूचना पर सीओ गोविंदनगर विकास पांडेय, गोविंदनगर और किदवई नगर पुलिस के साथ जोनल कार्यालय पहुंचे। इसी दौरान जोनल स्वास्थ्य अधिकारी ओम नारायण राठौर व प्रवर्तन दल की टीम भी पहुंच गई। जोनल स्वास्थ्य अधिकारी ने अपना पक्ष रखते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान अधिकारी से कार्यकर्ताओं की बहस हो गई। कार्यकर्ता शिवम सैनी का आरोप है कि नगर आयुक्त सहित कुछ अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन उठाकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उनका कहना है कि सफाई नायक ठीक तरीके से काम नहीं करते हैं। इस वजह से गंदगी पड़ी रहती है। स्वास्थ्य अधिकारी ओमनारायण राठौर ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है।