कब्रिस्तान भूमि विवाद: गुलफाम की तीसरी बेटी की भी गई जान, लखनऊ के KGMU अस्पताल में चल रहा था इलाज
गुलफाम ने पत्नी अजमेरी 11 वर्षीय बच्ची महजबी 10 वर्षीय आतिफ सात वर्षीय मसीहा छह वर्षीय मोहिना पांच वर्षीय चांदतारा व डेढ़ वर्षीय पुत्रीय सितारा के साथ विवादित जगह पर ही आग लगा ली थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
कानपुर देहात, जेएनएन। मूसानगर बांगर गांव में विवादित जमीन के मामले में परिवार सहित आग लगाने वाले गुलफाम की डेढ़ वर्षीय बेटी सितारा की भी गुरुवार को मौत हो गई। इससे पहले दो बेटियों की मौत हो चुकी है।
लखनऊ में चल रहा था इलाज
मूसानगर थानाक्षेत्र के बांगर गांव में कब्रिस्तान की देखभाल करने वाले गुलफाम पास की ही जमीन पर निर्माण करने का विरोध जताया जा रहा था। सुनवाई न होने पर गुलफाम ने परिवार सहित आग लगा ली थी। गुरुवार को लखनऊ केजीएमयू में भर्ती उसकी डेढ़ वर्षीय सबसे छोटी बेटी सितारा की मौत हो गई। घर पर मौत की सूचना मिली तो बाबा हमीद व रिश्तेदारों का रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी घर के बाहर जुट गए। हमीद रोते हुए पोती के लिए कफन तैयार करने लगे। यह दृश्य जिसने भी देखा अपने आंसू न रोक सका। हमीद ने बताया कि एक-एक कर सभी साथ छोड़ते जा रहे हैं, आखिर हमने किसी का क्या बिगाड़ा था जो यह दिन देखना पड़ रहा है। इससे पहले चांदतारा और उसके बाद मोहिना की जान जा चुकी है। बाकी चार लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
यह हुई थी घटना
28 जनवरी को कब्रिस्तान से सटी जमीन पर भाजपा नेता विजय सोनी निर्माण करा रहे थे। इसका विरोध करते हुए गुलफाम ने पत्नी अजमेरी, 11 वर्षीय बच्ची महजबी, 10 वर्षीय आतिफ, सात वर्षीय मसीहा, छह वर्षीय मोहिना, पांच वर्षीय चांदतारा व डेढ़ वर्षीय पुत्रीय सितारा के साथ विवादित जगह पर ही आग लगा ली थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा एसडीएम जमीन की नाप भी कर चुके हैं।