मकान में नाम बदलवाना हुआ आसान, नगर निगम में नौ अक्टूबर से कराएं ऑनलाइन नामांतरण Kanpur News
ऑनलाइन जमा करना होगा दस्तावेज व शुल्क आपत्ति न आने पर 45 दिन में हो जाएगा निस्तारण।
कानपुर, जेएनएन। मकान का नामांतरण कराने के लिए अब नगर निगम में अफसरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। घर बैठे ही अपने मकान का नामांतरण करा सकते हैं। यह व्यवस्था नगर निगम नौ अक्टूबर से शुरू करने जा रहा है। अभी नामांतरण कराने के लिए कर निरीक्षक से लेकर जोनल अफसर तक मकान मालिक को चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके बाद भी कोई गारंटी नहीं होती कि काम हो जाए।
कई प्रकरण तो वर्षों से पड़े है, लेकिन आज तक निस्तारण नहीं हो पाए है। वहीं शहर से बाहर रहने वालों को एक-एक दस्तावेज के लिए नगर निगम आना पड़ता है। इससे निपटने के लिए नगर निगम ने अब जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, ऑनलाइन टैक्स के बाद अब नामांतरण भी कराने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था कर दी है। अपर नगर आयुक्त द्वितीय अरविन्दर राय ने बताया कि नौ अक्टूबर से व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इसमें ऑनलाइन ही दस्तावेज और शुल्क जमा करने होंगे। कोई आपत्ति न होने पर 45 दिन में निस्तारण हो जाएगा।
यह व्यवस्था है अभी
-वारिस के रूप में नामांतरण कराने के लिए मकान मालिक को वार्षिक किराया मूल्यांकन के हिसाब से शमन और नामांतरण शुल्क देना होता है।
- नए रजिस्ट्री में मकान मालिक को सर्किल रेट के हिसाब से मकान की कीमत का एक फीसद शुल्क देना होगा।