उन्नाव में नकली नोटों के चार तस्कर गिरफ्तार, खुद तांत्रिक और पत्रकार बताने वाले गिरोह के पास से मिले 1.30 लाख
अचलगंज में नकली नोटों की तस्करी का धंधा काफी समय से चल रहा है। प्रयागराज निवासी शातिर इसका मास्टरमाइंड है। वह नकली नोट हड़हा रोड स्थित एक सराफा कारोबारी को देता था। इसका मुख्य माध्यम हड़हा निवासी एक जालसाज है जो खुद को तांत्रिक व पत्रकार भी बताता है।
उन्नाव, जागरण संवाददाता। पुलिस ने नकली नोटों की तस्करी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश कर चार तस्करों को दबोचा है। इनके पास से 1.30 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। सीओ ने गिरोह पकड़े जाने की बात स्वीकारी, लेकिन कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, अचलगंज कस्बा में नकली नोटों की तस्करी का धंधा काफी समय से चल रहा है। प्रयागराज निवासी शातिर इसका मास्टरमाइंड है। वह नकली नोट कस्बे के हड़हा रोड स्थित एक सराफा कारोबारी को देता था। इसका मुख्य माध्यम हड़हा निवासी एक जालसाज है, जो खुद को तांत्रिक व पत्रकार भी बताता है। हड़हा निवासी उसी जालसाज की निशानदेही पर अचलगंज थाने में तैनात दारोगा ने प्रयागराज जाकर शातिर को पकड़ा और थाने लाकर पूछताछ की। उसने सर्राफा कारोबारी सहित तीन लोगों के नाम बताए। पूछताछ के बाद एक और प्रतापगढ़ निवासी युवक का नाम सामने आने पर उसे भी हिरासत में लिया गया है। उनके पास से पुलिस ने 500-500 के 1.30 लाख रुपये के नकली नोट भी बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर संदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि चुनाव के लिए फोर्स आई है। अभी उसे रुकवाने की व्यवस्था करवा रहा हूं। सीओ बीघापुर डीपी ङ्क्षसह ने बताया कि इंटेलीजेंस ब्यूरो और स्थानीय खुफिया टीम को सूचित किया गया है। जांच के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने नकली नोटों की तस्करी करने वाले गैंग को पकडऩे की बात स्वीकारी है।