वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में चलीं गोलियां और लाठी-डंडे, महिला समेत चार घायल
एक युवक को छर्रे लगे दिनदहाड़े हुई फायरिंग से गांव में तनाव व दहशत।
कानपुर, जेएनएन। चौबेपुर थानाक्षेत्र के खरगपुर गांव में दो माह से वर्चस्व को लेकर चली आ रही रंजिश में शनिवार सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद गोलियां चल गईं। घटना में एक युवक को छर्रे लगे हैं, जबकि एक महिला समेत तीन लोग लाठी डंडे से जख्मी हुए हैं। घटना को लेकर गांव में तनाव है।
दो माह से चल रही है रंजिश
खरगपुर गांव में गोविंद सिंह व रणधीर सिंह के परिवार के बीच दो माह से वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही है। एक माह पहले रणधीर सिंह ने गोविंद सिंह के पुत्र ओमू को पीट दिया था। इसी बात को लेकर दोनो परिवारों में तनातनी चल रही थी। मामले की शिकायत पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार सुबह खेत से लौट रहे रणधीर सिंह के परिवार के रंजीत को गोविंद सिंह पक्ष ने पीट दिया। जानकारी मिलने पर रणधीर सिंह पक्ष के दर्जनों लोगों ने लाठी डंडों से लैस होकर गोविंद पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया।
झगड़े में लाइसेंसी व अवैध असलहों से फायरिंग की गई, जिसमेंं गोविंद सिंह पक्ष के अंकुश सिंह पीठ व हाथ में छर्रे लगने से घायल हो गए, जबकि रणधीर सिंह पक्ष के दौलत सिंह, मणिराज सिंह व बीना पिटाई से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव है। सूचना पर पहुंची पुलिस में घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट भेज दिया। एसओ कृष्णमोहन राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ है। एक युवक को छर्रे लगे हैं, जबकि मारपीट में तीन अन्य घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिलने मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दर्ज नही की थी मारपीट की रिपोर्ट
खरगपुर गांव में वर्चस्व को लेकर दो माह के बीच तीन घटनाएं हुईं, लेकिन पुलिस ने सक्रियता नहीं दिखाई। एक माह पहले भी गोविंद के लड़के से मारपीट की घटना हुई थी। पीडि़त थाने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। ऐसे में तनाव बढ़ा और गोलियां चलने तक की नौबत आ गई। बताया गया सुबह भी मारपीट की सूचना पुलिस को दी गई थी।