कानपुर में सिराथू और कनवार के बीच ओएचई ट्रिप होने से चार घंटे ट्रेनों का संचालन प्रभावित, राजधानी समेत 19 ट्रेन फंसी
बुधवार रात कड़ाके की ठंड में यात्री विश्रामगृह में इंतजार करने को मजबूर थे। कई ने आरक्षण कैंसल करा दिया।गुरुवार सुबह छह बजे के बाद संचालन सामान्य होने के बाद रेलवे के अफसरों ने भी राहत की सांस ली।
कानपुर, जेएनएन। बुधवार की देर रात सिराथू और कनवार के बीच ओएचई ट्रिप कर गई। जिसके चलते अचानक बिजली आपूर्ति बंद होने से ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं। सुबह छह बजे आपूर्ति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान राजधानी समेत 19 ट्रेनें छह से सात घंटे तक फंसी रहीं।
बुधवार को देर रात लगभग 1.55 बजे कानपुर प्रयागराज रूट पर कनवार और सिराथू के बीच ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक) ट्रिप कर गई। जिसके बाद ओएचई को ठीक करने के लिए पूरे सेक्शन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजली आपूर्ति बंद होने से प्रयागराज की ओर से कानपुर की ओर आने वाली ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस, दूरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा सियालदाह राजधानी एक्सप्रेस सहित 19 ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं। सुबह करीब 6 बजे कनवार और सिराथू के बीच ओएचई लाइन को रेलवे अधिकारी सही कर सके जिसके बाद पूरे सेक्शन की आपूर्ति बहाल की गई। जिसके बाद ही ट्रेनें फिर दौड़ीं। ओएचई के चलते ट्रेनें सुबह दस बजे के बाद सेंट्रल पहुंची जबकि यह ट्रेनें चार से पांच बजे तक सेंट्रल पहुंच जाती थीं।
ठंड में परेशान हुए यात्री
ओएचई ट्रिप होने के चलते सबसे ज्यादा परेशानी यात्रियों को हुई। प्रयागराज से सेंट्रल होकर दिल्ली जाने वाले यात्री जहां ट्रेनों में ही परेशान हुए वहीं सेंट्रल पर भी ठंड में यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कड़ाके की ठंड में यात्री विश्रामगृह में इंतजार करने को मजबूर थे। सुबह छह बजे के बाद संचालन सामान्य होने के बाद रेलवे अफसरों ने भी राहत की सांस ली।