Move to Jagran APP

कृषि बिल की मांग वापस लेने की मांग काे अखिलेश ने दाेहराया, आगामी चुनाव में 350 सीटें जीतने का किया दावा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव फर्रुखाबाद में आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में आने के बजाय सीधे कंपिल में नगर पंचायत अध्यक्ष उदयपाल सिंह यादव के घर पहुंचे। वहां पर जैन श्वेतांबर मंदिर के दर्शन किए।

By Shaswat GuptaEdited By: Published: Sun, 24 Jan 2021 04:52 PM (IST)Updated: Sun, 24 Jan 2021 04:52 PM (IST)
कृषि बिल की मांग वापस लेने की मांग काे अखिलेश ने दाेहराया, आगामी चुनाव में 350 सीटें जीतने का किया दावा
फर्रुखाबाद के कंपिल स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में पेंटिंग कर रहे युवक के बातचीत करते सपाध्यक्ष अखिलेश यादव।

फर्रुखाबाद, जेएनएन। चुनावी वर्ष के करीब आते ही सभी पार्टियों के राजनेता प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की सियासत भी काफी गर्मायी हुई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव फर्रुखाबाद में आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में आने के बजाय सीधे कंपिल में नगर पंचायत अध्यक्ष उदयपाल सिंह यादव के घर पहुंचे। कंपिल चेयरमैन उदयपाल यादव के साथ ऐतिहासिक द्रोपडी कुंड गए और वहां परिक्रमा कर पूजन किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक नगरी है। यहां भगवान श्रीकृष्ण भी आए थे। भगवान विमलनाथ से आशीर्वाद लेने नेता जी (मुलायम सिंह यादव) भी आए थे। सपा की सरकार बनने पर पुरानी धरोहरों को विकसित किया जाएगा और उन्हें पुराना स्वरूप दिलाया जाएगा।

loksabha election banner

भाजपा के किसान हितैषी होने के दावे पर हमला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा देश गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटा है। ऐसे में देश के किसान आंदोलन कर रहे हैं। यह अच्छा मौका है कि भाजपा सरकार तीनों काले कानून वापस ले जो किसान चाहते हैं। एमएसपी मिलने वाला बिल आगामी सत्र में पेश करे। यह वही भाजपा है जो कहती थी कि किसान की आय दो गुनी करेंगे। आय दोगुनी तो हुई नहीं, बल्कि किसान बर्बाद हो गया है। धान की कोई कीमत नहीं मिली। जितनी भी किसान की जरूरत की चीजें थीं, वह सब महंगी हो चुकी हैं। डीजल-पेट्रोल महंगा हुआ। पहले तो भाजपा वाले देश को दूसरे देशों से खतरा बताते थे, लेकिन अब तो उन्हें किसानों की ट्राॅली से डर लग रहा है। किसान ट्राॅली लेकर डीजल भरवाने नहीं जा सकता है। किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर जा रहा है तो पुलिस पहले से ही तैयार बैठी है उन्हें पकड़ने के लिए। याद रखिए भारत को बनाने वाला यदि कोई है तो वह किसान है। यह देश किसानों का है। भाजपा को किसानों के हित में फैसले करने चाहिए।

350 से अधिक सीटें जीतने का दावा

 समाजवादी पार्टी अकेले दम पर 2022 में सरकार बनाने जा रही है। जिस तरह से भाजपा के खिलाफ जनता की नाराजगी है, उससे सपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी। कई जिलों में देखा है, चाहे वह बुंदेलखंड हो या फिर नेपाल से जुड़े हुए जिले हों। फर्रुखाबाद समाजवादी धरती है। डॉ. राममनोहर लोहिया की कर्मस्थली है। यहीं पर कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर हो रहा है। यहां से जब कार्यकर्ता निकलेंगे तो फर्रुखाबाद, कन्नौज ही नहीं आसपास के जिलों में सपा सभी सीटें जीतेगी। यदि भाजपा झूठ के सहारे 324 सीटें जीत सकती है तो सपा विकास, समाजवादी विचारधारा के सहारे 350 सीटें जीतेंगी। प्रसपा से समझौते के मुद्देे पर बोले कि वह पहले ही कह चुके हैं कि छोटे दलों के लिए रास्ते खुले हैं।

कन्नौज में बोले, ग्राम पंचायत चुनाव में लड़ाई झगड़ा न करें

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव फर्रुखाबाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तालग्राम छिबरामऊ रोड से जा रहे थे। गांव कपूरपुर में कार्यकर्ताओं की भीड़ सड़क किनारे देख उन्होंने काफिला रुकवा लिया था। जहां उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत चुनाव के बाद क्षेत्र में बैठक करेंगे।त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ते समय कोई झगड़ा न करें। शांतिपूर्ण तरीके से ग्राम प्रधान का चुनाव लड़े।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.