खराब मौसम ने रोकी उड़ान, कानपुर एयरपोर्ट से 26 जनवरी तक दिल्ली की फ्लाइट निरस्त
बारिश और कोहरा पडऩे से हवाई सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
कानपुर, जेएनएन। ठंड में बारिश और कोहरा होने से मौसम खराब हो गया, जिसका असर दिल्ली-मुंबई की उड़ान पर पडऩे लगा है। खराब मौसम को देखते हुए चकेरी एयरपोर्ट से शनिवार को सभी उड़ान रोक दी गई हैं। दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद की फ्लाइट निरस्त कर दी गई। एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी यात्रियों को टिकट का धन वापस किया। वहीं दिल्ली की फ्लाइट भी 26 जनवरी तक निरस्त रहेगी। इससे विमान यात्रियों को समस्या शुरू हो गई है, अब उन्हें लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट से फ्लाइट बुक कराने पड़ रही है।
कानपुर में चकेरी अहिरवां स्थित एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट हैं। शहर से हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों को खासा राहत मिली थी। शहर व आसपास रहने वाले यात्रियों को हवाई यात्रा के लिए लखनऊ जाने से निजात मिली थी। इधर कुछ दिनों से मौसम खराब होने के कारण हवाई सेवा प्रभावित हो गई है। शनिवार सुबह छाए घने कोहरे के चलते चारों फ्लाइटें निरस्त हो गईं।
एयरपोर्ट निदेशक बीके झा ने बताया कि मौसम खराब होने के चलते जिन चार फ्लाइटों को निरस्त किया गया, उनमें दो मुंबई व एक दिल्ली और एक अहमदाबाद के लिए जाती है। उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों को उनका पैसा वापस कर दिया गया है। एयरपोर्ट मैनेजर (स्पाइस जेट) जसवंत सिंह रावत ने बताया कि दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 18, 20, 21, 22, 23, 24 व 26 जनवरी को निरस्त रहेगी।