कानपुर में अचनाक जमीन से फूटे आग के गोले, दहशत में खाली होने लगे आसपास के घर
कानपुर में वाजिदपुर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए जा रहे ढके नाले में हड्डी मिल के पास रविवार रात आग के गोले फूटने लगे। अचानक तीन जगहों पर आग लगी तो पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
कानपुर, जेएनएन। वाजिदपुर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए जा रहे ढके नाले में हड्डी मिल के पास रविवार रात अचानक आग के गोले फूटने लगे। एक के बाद एक तीन जगहों पर आग लगी तो पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। आनन फानन फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भी हालातों को देखते हुए आसपास के लोगों से मकान खाली करने को कहा गया। हालांकि फायर ब्रिगेड ने जल्द ही हालातों को काबू में कर लिया। माना जा रहा है कि नाला चोक होने से मीथेन गैस बनने से हादसा हुआ। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
जाजमऊ, कृष्णा नगर, शिव गोदावरी सहित चकेरी के तमाम क्षेत्रों का प्रदूषित पानी और टेनरियों का पानी वाजिदपुर ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाने के लिए एक ढका नाला बनाया गया है। जाजमऊ स्थित हड्डी मिल के पास रविवार देर रात नाले में आग लग गई। एक के बाद एक तीन स्थानों पर आग के गोले फूट पड़े। नाले से आग की लपटें निकलता देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोग घरों के बाहर आ गए। सूचना पर एएसपी कैंट सत्यजीत गुप्ता और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आग लगने पर अनहोनी होने की आशंका को देखते हुए आस-पास के घरों में रहने वाले लोगों को बाहर निकाल लिया। साथ ही दमकल को आग की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल ने कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया। एएसपी कैंट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि ने बताया कि शुरुआती जांच से यही लग रहा है कि नाला चोक होने की वजह से उसमें गैस बनी। संभावना है कि मीथेन गैस बनी, जिसमें हवा से रियेक्शन के बाद आग लग गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। गैस बाहर निकल सके इसलिए कई जगहों पर नाला खोल दिया गया है।