कानपुर नगर निगम मुख्यालय में आग से अफरा तफरी, एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
कानपुर नगर निगम मुख्यालय में सुबह स्टोर में आग लगने से अफरा तफरी मच गई जानकारी होते ही अफसर भी पहुंच गए। दमकल जवानों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन इससे पहले पुराना फर्नीचर जल गया।
कानपुर, जागरण संवाददाता। नगर निगम दफ्तर में सोमवार की सुबह आग भड़क गई, जिससे अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अफसर और कर्मचारी भी पहुंच गए और दमकल को बुलाया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे पहले भी लेखा विभाग, नगर आयुक्त कार्यालय और जनसंपर्क कार्यालय में भी आग लग चुकी है।
कानपुर में मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे शॉर्ट सर्किट से स्टोर में आग लग गई। तेज धुआ उठता देखकर परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने अफसरों को जानकारी दी। इसके बाद अफसर भी मौके पर पहुंच गए और फायर ब्रिगेड को को बुला लिया। लेखा विभाग से सटे स्टोर में आग देखकर अफरा तफरी मच गई, दमकल आने से पहले आग को लेखा विभाग तक पहुंचने से रोका गया। करीब नौ बजे फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। लेखा विभाग में आग लगने से कई फाइलें जल गई हैं। इसके पहले भी नगर निगम में कई बार आग लग चुकी है। नगर आयुक्त के कार्यालय और जनसंपर्क विभाग में भी आग लगने से काफी नुकसान हुआ था।
केयर टेकर सुनील निगम ने बताया कि स्टोर में आग सुबह लगी थी, जिसमें लकड़ी का कुछ फर्नीचर जला है। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और आग पर काबू पाया लिया गया है।