CSA में किसान बेच सकेंगे जैविक उत्पाद, अलग- अलग दिन किए जाएंगे निर्धारित
राज्यपाल ने दो सितंबर को इटावा और अगले दिन को मैनपुरी के कृषि विज्ञान केंद्र का दौरा किया। किसानों से बातचीत की जिसमें उन्होंने जैविक तरीके से तैयार उत्पादों के लिए बाजार न मिलने की समस्या बताई। इस बात पर कुलपति ने निदेशक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की
कानपुर, जेएनएन। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में किसान अपने जैविक उत्पाद बेच सकेंगे। उन्हें एटिक (एग्रीकल्चरल टेक्नोलाजी इनफार्मेशन सेंटर) में निश्शुल्क जगह दी जाएगी। यह निर्णय सोमवार को कुलपति डा. डीआर सिंह ने लिया। उन्हें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किसानों के जैविक उत्पाद विक्रय को लेकर निर्देश जारी किया था। सेंटर में अलग अलग क्षेत्रों के किसानों के लिए दिन निर्धारित किए जाएंगे, जहां उनके स्टाल लग सकेंगे। उन्हें उत्पादों की रेट लिस्ट भी रखनी होगी।
राज्यपाल ने दो सितंबर को इटावा और अगले दिन को मैनपुरी के कृषि विज्ञान केंद्र का दौरा किया। किसानों से बातचीत की, जिसमें उन्होंने जैविक तरीके से तैयार उत्पादों के लिए बाजार न मिलने की समस्या बताई। इस बात पर कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी निदेशक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। कई पहलुओं पर विचार विमर्श हुआ। कुलपति ने बताया कि अभी तक दो किसानों ने स्टाल के लिए आवेदन किया है। उन्होंने जैविक तरीके से फल, सब्जियां, दालें और कई तरह के उत्पादक तैयार किए हैं।
सब्जियों की बिक्री होगी जल्द : विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ही फिर से एटिक से सब्जियों की बिक्री करेगा। कोरोना संक्रमण से पहले विवि के फार्म में उगने वाली सब्जियों की बिक्री होती थी।