बांदा : छत पर सो रहे किसान की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या, स्वजन ने कही ये बात
बुधवार को वह बोर की छत पर सो रहे थे। बदमाशों ने कुल्हाड़ी से गले व चेहरे में हमलाकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उनका पुत्र छैला प्रजापति नाश्ता लेकर खेत गया। बोर के कमरे की कुंडी बंद मिलने पर वह बगल से चढ़कर छत पर गया।
कानपुर, जेएनएन। बांदा में खेत मेें स्थित बोर की छत पर सो रहे किसान की बदमाशों ने कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। स्वजन अभी घटना की वजह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट ने घटनास्थल की सुरागरसी कराई गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पवइया का मजरा भुरानेपुरवा निवासी 55 वर्षीय किसान पदना प्रजापति के खेतों के बगल में गांव के जगदीश का बोर है। किसान अपनी व पड़ोसी की जमीन की बोर में रहकर रखवाली करते थे। हमेशा की तरह बुधवार को वह बोर की छत पर सो रहे थे। वहां बदमाशों ने कुल्हाड़ी से गले व चेहरे में हमलाकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उनका पुत्र छैला प्रजापति नाश्ता लेकर खेत गया। बोर के कमरे की कुंडी बंद मिलने पर वह बगल से चढ़कर छत पर गया। जहां उसे पिता का चारपाई पर लहूलुहान शव पड़ा मिला।
बेटे के शोर मचाने पर हुई जानकारी : बेटे के शोर मचाने पर आसपास खेतों में मौजूद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। धीरे-धीरे अन्य ग्रामीणों व स्वजन की घटनास्थल पर भीड़ लग गई। सीओ बबेरू सियाराम व कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। सीओ के निर्देश पर फिंगर प्रिंट टीम व डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल की जांच की। आसपास खेतों व बोर से जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। सीओ ने बताया कि स्वजन ने अभी तक कोई रंजिश नहीं स्पष्ट की है। किस कारण से हत्या हुई है। मामले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र हत्यारों को पकड़कर घटना का राजफाश किया जाएगा।