Mahoba Advocate Sucide Case: ब्लॉक प्रमुख की संपत्तियों की डीएम ने मांगी रिपोर्ट, ठिकानों पर पुलिस ने दी दबिश
Advocate Sucide Case Mahoba Latest Update शहर में आरोपित का बन रहा होटल कबरई व चरखारी में भी हैं जमीनें। तहसीलदार ने लेखपालों को कागजात उपलब्ध कराने के दिए निर्देश। ब्लॉक प्रमुख के ठिकानों पर पुलिस ने रविवार को दबिश दी। यहां पूछताछ करके फोटो आदि इकट्ठे किए।
महाेबा, जेएनएन। Advocate Sucide Case Mahoba Latest Update वकील खुदकुशी प्रकरण में आरोपित ब्लॉक प्रमुख छत्रपाल यादव और उसके गुर्गों पर अब शिकंजा कसने लगा है। उसकी संपत्तियों की रिपोर्ट डीएम ने तलब की है। वहीं, रविवार को उसके कई ठिकानों पर दबिश दी गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित कबरई ब्लॉक प्रमुख छत्रपाल यादव पर करीब 26 मुकदमे अब तक दर्ज हैं। उसने दबंगई के बल पर शहर और आसपास क्षेत्रों में काफी जमीनें खरीदी हैं। डीएम सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर ब्लॉक प्रमुख, उसके भतीजे विक्रम और बाकी गुर्गों की संपत्तियों की जांच हो रही है। आपराधिक तरीके से इकट्ठी की गईं संपत्तियों की सूची बन रही है। सदर तहसील के साथ ही चरखारी में भी उसके नाम प्राॅपर्टी है। शहर में उसका आलीशान होटल भी बन रहा है, जिसकी रजिस्ट्री में भी खेल हुआ है। आरोपित ब्लाक प्रमुख छिकहरा गांव का निवासी है। कुछ साल पहले तक वह शहर के ही एक मोहल्ले में किराये पर रहता था और कुछ ही दिनों में उसके हालात बदल गए। उसके पुराने मुकदमों की फाइलें भी खोली जा रहीं हैं।
कबरई और चरखारी तक छापे
ब्लॉक प्रमुख के ठिकानों पर पुलिस ने रविवार को दबिश दी। यहां पूछताछ करके फोटो आदि इकट्ठे किए। बताते हैं, उसने गलत तरीके व सरकारी स्टांप की चोरी करके तमाम जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री भी कराई हैं। बेनामी संपत्तियां बनाई हैं। इसकी जांच एसआइटी भी करेगी। टीमों ने महोबा स्थित मकान के साथ उसका आलीशान होटल भी देखा। बताते हैं, ये अवैध तरीके से खरीदी जमीन पर बन रहा है।
गैंग के दूसरे सदस्यों की भी तलाश
ब्लॉक प्रमुख के गैंग में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश भी शुरू हो गई है। संपत्ति खरीदने व बेचने में मददगारों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। सदर कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि कई ठिकानों पर दबिश दी गई।
इनका ये है कहना
ब्लाक प्रमुख व उसके रिश्तेदारों की संपत्तियों की जांच के लिए तहसीलदार से दस्तावेज मांगे गए हैं। होटल में बैठक का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है। एसआइटी भी जल्द जांच शुरू कर देगी। - अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसपी