Dussehra 2021: असत्य पर हुई सत्य की विजय, कानपुर में रावण का पुतला दहन होते ही गूंजा जय-जय श्रीराम
मेस्टन रोड स्थित श्री रामलीला भवन में शुक्रवार को प्रभु श्री राम और रावण युद्ध की लीला का मंचन किया गया। घनघोर युद्ध में प्रभु रावण का वध किया। नाभि में तीर लगते ही रावण जमीन पर आज गिरता है और श्रद्धालुओं द्वारा जयकारों का उद्घोष होने लगता है।
कानपुर, जेएनएन। दशहरा पर्व पर श्री रामलीला सोसाइटी परेड द्वारा प्रभु श्री राम द्वारा रावण का वध करते ही परेड मैदान में पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के साथ ही वातावरण में प्रभु श्रीराम के जयकारों का उद्घोष गूंजने लगा। आतिशबाजी के भव्य नजारे से आसमान सतरंगी हो गया। दर्शक प्रभु को जयकारों के बीच पुतला दहन और आतिशबाजी के भव्य नजारे को अपने कैमरों में कैद करने लगे। परेड के साथ छावनी, छोटा सेंट्रल पार्क, रायपुरवा, कल्याणपुर, गुजैनी, हंसपुरम, लाल बंगला सहित शहर के दर्जनों स्थानों पर आयोजित हुई रामलीला में रावण वध की लीला का मंचन किया गया।
मेस्टन रोड स्थित श्री रामलीला भवन में शुक्रवार को प्रभु श्री राम और रावण युद्ध की लीला का मंचन किया गया। घनघोर युद्ध में प्रभु रावण का वध किया। नाभि में तीर लगते ही रावण जमीन पर आज गिरता है और श्रद्धालुओं द्वारा प्रभु के जयकारों का उद्घोष होने लगता है। असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व रावण के अहंकार को समाप्त करने का संदेश देता है। रामलीला में रावण के वध के बाद प्रभु की शोभायात्रा मेस्टन रोड स्थित भवन से परेड मैदान तक निकाली गई। भक्तों ने पुष्प वर्षा कर प्रभु का अभिनंदन किया और समस्त देवताओं के संग ऋषि-मुनियों ने भगवान श्री राम का राज्याभिषेक किया। परेड मैदान में रावण का पुतला दहन के समय सैकड़ों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने प्रभु के भजनों के बीच असत्य पर सत्य की जीत का जश्न मनाया। पुतले में आग लगते ही वातावरण में प्रभु के जयकारे गूंजने लगे। परेड मैदान में लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर रावण वध की लीला का लाइव मंचन दिखाया गया। इसी प्रकार चंद्रिका देवी स्थित राय पुरवा मैदान, शास्त्री नगर स्थित छोटा सेंट्रल पार्क, रेल बाजार स्थित छावनी मैदान, कल्याणपुर, गुजैनी, लाल बंगला और शहर के दर्जनों स्थानों पर पुतला दहन रामलीला सोसाइटी के द्वारा किया गया। शोभायात्रा में रामलीला सोसायटी के पदाधिकारियों और सांसद सत्यदेव पचौरी ने भगवान श्री राम की आरती उतारी और समाज को सत्य की राह पर चलने का संदेश दिया।