फंदे पर लटका मिला महाराष्ट्र में तैनात इंजीनियर की पत्नी का शव,हत्या का आरोप
महाराष्ट्र में कार्यरत इंजीनियर की पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। विवाहिता के शरीर पर चोट के निशान थे जिसके आधार पर युवती के मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष के लोग काफी देर हंगामा करते रहे।
कानपुर, जेएनएन। कानपुर देहात के सिकंदरा थानाक्षेत्र के मानपुर के मजरा डेरा गजराजपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालियों ने फांसी लगाकर जान देने की बात कही। मायके पक्ष ने शरीर पर चोटों के निशान होने के आधार पर हत्या कर शव को लटका देने का आरोप लगाया। मायके पक्ष ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शांत कराया।
मानपुर का मजरा बंजारा डेरा गजराजपुर निवासी दामोदर सिंह नायक के बेटे हरिओम सिंह नायक वाशिम महाराष्ट्र में एक निजी कंपनी मे इंजीनियर हैं। उनका विवाह दो वर्ष पूर्व अलीपुर गढ़ी दिल्ली निवासी 25 वर्षीय आरती उर्फ शीतल देवी से हुआ था। दोनों के आठ माह का बेटा शिवा भी है।
बुधवार शाम को संदिग्ध हालात में आरती की फांसी लगाने से मौत हो गई। ससुरालियों ने पूरी रात बात छिपाए रखी। इधर, आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो मृतका के पिता महावीर व पुलिस को सूचना दे दी। गुरुवार को मृतका का भाई दीपक अन्य स्वजन संग यहां पहुंचा। सीओ सिकंदरा राजाराम चौधरी व थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह पहुंचे और छानबीन की। शव को तब तक ससुरालियों ने जमीन पर रख दिया था। पूछताछ में ससुर दामोदर सिंह ने बताया कि बहू ने अपने आप चुन्नी के फंदे से फांसी लगाई है। बेटा इस समय महाराष्ट्र में है, ऐसा कदम उसने क्यों उठाया, पता नहीं। वहीं मृतका के भाई दीपक के मुताबिक पीठ पर चोट के निशान हैं, जिससे लगता है कि पिटाई की गई है। इतने समय तक सूचना भी नहीं दी गई, आरोप है कि पिटाई के बाद हत्या कर शव को लटका दिया गया। उसने अन्य स्वजन संग हंगामा शुरू कर दिया। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध है, ससुरालियों ने शव पहले ही फंदे से उतार दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण पता चलेगा, इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।